Sunday, March 8, 2026
Homeराज्यउत्तराखण्डगंगा, अलकनंदा एवं मंदाकिनी नदी के जलस्तर में आई कमी, बदरीनाथ हाईवे...

गंगा, अलकनंदा एवं मंदाकिनी नदी के जलस्तर में आई कमी, बदरीनाथ हाईवे बंद, यमुनोत्री मार्ग खुला

विगत तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश से बदरीनाथ हाईवे की स्थिति बेहद खराब हो गई है। शनिवार को अलकनंदा का जलस्तर बढ़ने से बदरीनाथ हाईवे मारवाड़ी पुल से विष्णुप्रयाग तक करीब 25 मीटर तक ध्वस्त हो गया है। यहां छोटे वाहनों की आवाजाही भी मुश्किल से हो पा रही है। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग तीन जगह बंद है। पिथौरागढ़-घाट एनएच में पांच स्थानों पर मलबा आ गया है।शनिवार को दिनभर बारिश होने के कारण मारवाड़ी के समीप देवी मंदिर से हाथी पहाड़ के ठीक नीचे हाईवे के पुराने पुश्ते बह गए हैं, जिससे सड़क पर नदी की साइड लगातार भू-धंसाव हो रहा है। हाईवे पर बड़े वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप पड़ गई है, जबकि छोटे वाहन भी मुश्किल से पार हो रहे हैं। मौसम सामान्य होने के बाद सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की ओर से यहां हिल कटिंग कर हाईवे को वाहनों की आवाजाही लायक बनाया जाएगा।रुद्रप्रयाग जिले में आसमान में बादल छाए हैं। अलकनंदा एवं मंदाकिनी नदी के जलस्तर में रविवार को कमी आई है। ऋषिकेश-बदरीनाथ एवं गौरीकुंड राजमार्ग यातायात के लिए खुले हैं, लेकिन 30 संपर्क मार्ग अब भी बंद हैं। गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग कई जगहों पर क्षतिग्रस्त है। यहां प्रशासन ने आवाजाही रोकी है।

ऋषिकेश में भी गंगा का जलस्तर घटा है। रविवार सुबह नौ बजे गंगा जलस्तर 339.69 आरएल मीटर रहा। जबकि खतरे का निशान 340.50 आरएल मीटर है।

चमोली जिले में बारिश फिलहाल थमी है। नदी घाटियों में कोहरा छाया है। बदरीनाथ हाईवे क्षेत्रपाल और जोशीमठ से आगे अवरुद्ध है। कंचनगंगा में हाईवे करीब 200 मीटर तक क्षतिग्रस्त है, जिले की करीब 60 सड़कें अभी भी जगह-जगह मलबा आने से बंद हैं। बदरीनाथ धाम में संचार सेवा भी 2 दिनों से ठप है। बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग कौडियाला के समीप खुल गया है और तोता घाटी के बीच बाधित है।

यमुनोत्री हाईवे खरादी के पास भूस्खलन के कारण मलबा, बोल्डर आने से शनिवार रात से बंद था, जिसे रविवार दोपहर तीन बजे खोल दिया गया। यहां तीन कॉटेज क्षतिग्रस्त होने के साथ ही पांच मंजिल होटल को नुकसान पहुंचा है। पुरोला व मोरी ब्लॉक में लगातार हो रही भारी बारिश से जन-जीवन अस्त-व्यस्त है। मोरी में टौंस नदी उफान पर है। रूपीन, सूपीन नदी के जल स्तर में भी बढ़ोत्तरी हुई है।

टिहरी जिले में रात भर से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। जिले के 10 ग्रामीण सड़क मार्ग यातायात के लिए अवरुद्ध हुए हैं। ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे पर सामान्य रूप से वाहनों का आवागमन हो रहा है।

कुमाऊं में दो लोगों की मौत
लोहाघाट-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहाड़ी से गिरे बोल्डर की चपेट में आने से कैंटर चालक की मौत हो गई है। इस घटना एक अन्य व्यक्ति मामूली रूप से चोटिल हो गया। वहीं गंगोलीहाट के ग्राम सुगड़ी- पाली के बीच निर्माणाधीन सड़क मार्ग में पुलिया निर्माण का कार्य कर रहे दफेदार पुत्र स्व. सोहन सिंह निवासी अखा, थाना बिशारदगंज, जिला बरेली की पहाड़ी से गिरे बोल्डर की चपेट में आने से मौत हो गई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments