मुनस्यारी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार सुबह अपने मुनस्यारी दौरे के दौरान न सिर्फ अपनी पुरानी यादों में खोए, बल्कि क्षेत्रवासियों को एक नई सौगात भी दी। सुबह की सैर पर निकले सीएम धामी रोडवेज बस स्टेशन स्थित मशहूर हीरा टी स्टॉल पहुंचे, जहां उन्होंने अपने पुराने सहपाठियों के साथ बैठकर गुड़ की चाय का आनंद लिया।
चाय की चुस्कियों के दौरान मुख्यमंत्री ने चाय की जमकर तारीफ की और कहा कि वर्षों बाद वही पुराना स्वाद चखने को मिला है। स्थानीय लोगों ने भी सीएम धामी को अपने बीच पाकर उत्साह जताया।
इसी दौरान टी स्टॉल पर पहुंचे बैडमिंटन खिलाड़ी कृष्ण कुमार आर्या ने मुख्यमंत्री से क्षेत्र के युवाओं के लिए एक इंडोर बैडमिंटन हॉल बनाने की मांग रखी। मुख्यमंत्री धामी ने तुरंत पहल दिखाते हुए वहीं पर मुनस्यारी में इंडोर बैडमिंटन हॉल बनाए जाने की घोषणा कर दी।
सीएम के इस निर्णय से क्षेत्र के युवाओं और खेल प्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह हॉल क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को निखारने में अहम भूमिका निभाएगा।

