पिथौरागढ़। मुनस्यारी विकासखंड के ग्राम बमनगांव क्विटी निवासी हरीश चंद्र द्विवेदी के पुत्र अमित द्विवेदी ने उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) परीक्षा उत्तीर्ण कर उप जिलाधिकारी (एसडीएम) पद पर चयनित होकर क्षेत्र और जनपद का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
महज 24 वर्ष की आयु में अमित द्विवेदी ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर यह सफलता हासिल की है। इससे पहले वह उत्तराखंड में क्लर्क, वीपीडीओ, पटवारी तथा वर्तमान में सचिवालय में समीक्षा अधिकारी के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
अमित की सफलता पर ग्राम प्रधान शांति द्विवेदी, पूर्व प्रधान ओम प्रकाश द्विवेदी सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने उन्हें एवं उनके परिवार को शुभकामनाएं दी हैं।
क्षेत्रवासियों ने अमित द्विवेदी की इस उपलब्धि को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि कठिन परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पण से हर मुकाम हासिल किया जा सकता है।

