उत्तराखंड में लंबे समय से चल रही कैबिनेट विस्तार की अटकलों पर आखिरकार विराम लग गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार में शुक्रवार को पांच नए मंत्रियों को शामिल किया गया।
नवरात्र के दूसरे दिन लोकभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल गुरमीत सिंह ने सबसे पहले राजपुर विधायक खजान दास को मंत्रिपद की शपथ दिलाई। इसके बाद भरत सिंह चौधरी ने संस्कृत में शपथ ली। साथ ही मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा और राम सिंह कैरा ने भी मंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली।
कैबिनेट में पहले से खाली चल रहे पांच पदों को भरते हुए इन नए चेहरों को मौका दिया गया है। बताया जा रहा है कि चयन में विधायकों के पिछले चार वर्षों के कार्यों का मूल्यांकन किया गया, साथ ही क्षेत्रीय और जातीय संतुलन का भी ध्यान रखा गया।
कैबिनेट विस्तार को लेकर राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ कई दौर की चर्चा के बाद आखिरकार नवरात्र के शुभ अवसर पर इसे अमल में लाया गया।

