देहरादून: उत्तराखंड के 12 जिलों में हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों की मतगणना शुक्रवार तक जारी रही, जिसमें जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य और ग्राम प्रधान सहित कुल 10831 पदों के लिए मतदान हुआ था। अब तक 10799 पदों के परिणाम घोषित किए जा चुके हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, जिला पंचायत के 358 में से 353, क्षेत्र पंचायत के 2974 में से 2971 और ग्राम प्रधानों के 7499 में से 7475 पदों के नतीजे सामने आ चुके हैं।
मतगणना गुरुवार सुबह आठ बजे शुरू हुई थी और शुक्रवार तक लगातार चली। हालांकि, 55,587 ग्राम पंचायत सदस्य पदों के चुनाव परिणाम आयोग की वेबसाइट पर सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।
गौरतलब है कि पंचायत चुनाव दो चरणों में संपन्न हुए, जिसमें कुल 69.16 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। खास बात यह रही कि महिलाओं की भागीदारी पुरुषों से अधिक रही। जहां पुरुषों का मतदान प्रतिशत 64.23 रहा, वहीं महिलाओं ने 74.42 प्रतिशत वोट डालकर लोकतंत्र में अपनी सक्रियता का परिचय दिया।
इन चुनावों में ग्रामीण क्षेत्रों की भागीदारी और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में महिलाओं की बढ़ती भूमिका को खासतौर पर सराहा जा रहा है।

