चमोली जिले के नारायणबगड़ विकासखंड की ग्राम पंचायत कोट में पंचायत चुनाव का मुकाबला बेहद रोमांचक और संघर्षपूर्ण रहा। यहां प्रधान पद के लिए रजनी देवी और कुलदीप सिंह के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली।
प्रारंभिक मतगणना में दोनों उम्मीदवारों को 72-72 वोट मिले, जिससे चुनाव परिणाम टाई हो गया। स्थिति स्पष्ट न होने पर अधिकारियों ने पुनः मतगणना कराने का निर्णय लिया। दोबारा हुई मतगणना में रजनी देवी को 73 वोट, जबकि कुलदीप सिंह को 72 वोट मिले। इस तरह रजनी देवी ने मात्र एक वोट से जीत हासिल कर ग्राम पंचायत कोट की प्रधान बन गईं।
मतगणना स्थल पर इस बेहद करीबी परिणाम के बाद समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ गई, वहीं प्रशासन ने पारदर्शिता के साथ मतगणना प्रक्रिया पूरी कर प्रमाणपत्र सौंपा।
यह परिणाम एक बार फिर साबित करता है कि एक-एक वोट का महत्व कितना बड़ा होता है, और लोकतंत्र में हर मतदाता की भागीदारी निर्णायक हो सकती है।

