देहरादून। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश कार्यकारिणी की बहुप्रतीक्षित घोषणा इसी सप्ताह होने की संभावना है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, इसकी सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट दिल्ली से लौट आए हैं। अब केवल औपचारिक घोषणा बाकी है, जो अगले तीन से चार दिनों में की जा सकती है।
प्रदेश भाजपा के मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की नई टीम को अंतिम रूप दे दिया गया है। इस कार्यकारिणी में कुल 31 पदाधिकारी शामिल होंगे, जिनमें संगठन के विभिन्न प्रमुख पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
नई टीम में ये होंगे प्रमुख पदाधिकारी:
8 प्रदेश उपाध्यक्ष
8 प्रदेश मंत्री
3 प्रदेश महामंत्री
1 महामंत्री (संगठन)
1 प्रदेश मीडिया प्रभारी
1 कोषाध्यक्ष
1 कार्यालय सचिव
इसके अतिरिक्त भाजपा अपने सात मोर्चों के भी अध्यक्ष घोषित करेगी, जिनमें युवा मोर्चा, किसान मोर्चा, महिला मोर्चा, अनुसूचित जाति मोर्चा, ओबीसी मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा और अनुसूचित जनजाति मोर्चा शामिल हैं।
पार्टी के अंदरूनी सूत्रों की मानें तो इस बार प्रदेश महामंत्री पद पर किसी महिला को भी जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है, जिससे संगठन में महिलाओं की भागीदारी को और मजबूती मिल सकेगी।
भाजपा की यह नई कार्यकारिणी आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लक्ष्य के साथ बनाई जा रही है। टीम से अपेक्षा की जा रही है कि वह पूरी ऊर्जा और रणनीति के साथ संगठन को आगामी चुनावों के लिए तैयार करेगी।

