अंकिता हत्याकांड से जुड़े एक वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वीआईपी के नाम को लेकर लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। मामले की सीबीआई जांच और कथित वीआईपी का नाम सार्वजनिक करने की मांग को लेकर कांग्रेस ने प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन तेज कर दिया है। विभिन्न जिलों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
कर्णप्रयाग में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जूलूस निकालकर मुख्य बाजार में पूर्व सांसद का पुतला दहन किया। इस दौरान कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश नेगी ने कहा कि जिस तरह वीडियो में वीआईपी का जिक्र किया जा रहा है, उससे संदेह और गहराता जा रहा है। उन्होंने मांग की कि सरकार पूरे मामले की सीबीआई जांच कराए और दोषियों को जल्द से जल्द कड़ी सजा दिलाए।
वहीं रुद्रप्रयाग में मुख्य बाजार में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार इस हत्याकांड में शामिल अपराधियों को बचाने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस ने हत्याकांड में पूर्व सांसद की गिरफ्तारी की मांग करते हुए निष्पक्ष जांच पर जोर दिया। प्रदर्शन के दौरान कहा गया कि मामले में शामिल वीआईपी को फांसी की सजा दी जानी चाहिए। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता सूरज नेगी ने कहा कि अंकिता पहाड़ की बेटी थी, जिसकी निर्मम हत्या की गई और आज तक न्याय नहीं मिल पाया है।
श्रीनगर के गोला पार्क में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा नेता का पुतला दहन किया। इस दौरान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अंकिता हत्याकांड एक सुनियोजित आपराधिक मामला है और वीआईपी के नाम पर अब राष्ट्रीय स्तर के नेता का चेहरा सामने आना बेहद शर्मनाक है। उन्होंने दोहराया कि जब तक सच्चाई सामने नहीं आती और दोषियों को सजा नहीं मिलती, कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा।

