देहरादून। उत्तराखंड के मैदानी और पर्वतीय इलाकों में एक बार फिर से मौसम ने करवट ले ली है। मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और ऊधमसिंह नगर जिलों के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा प्रदेश के अन्य कई जिलों में तेज बारिश और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी भी दी गई है।
प्रदेशभर में 26 जुलाई तक रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। इसके चलते लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
पौड़ी जिले में स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद
मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए पौड़ी जनपद में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने सोमवार को कक्षा 1 से 12 तक के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया है। साथ ही, सभी विभागीय अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए गए हैं।
डीएम ने लोगों से संवेदनशील व आपदा संभावित क्षेत्रों से दूर रहने और नदी-नालों के पास न जाने की अपील की है।
47 में से 27 सड़कें अब भी बंद
भारी बारिश के चलते राज्यभर में कुल 47 सड़कें बंद हो गई थीं, जिनमें से 20 सड़कों को खोल दिया गया है, लेकिन 27 सड़कें अभी भी बंद हैं। इनमें 24 सड़कें ग्रामीण क्षेत्रों की हैं।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार:
-
रुद्रप्रयाग: 4 ग्रामीण सड़कें बंद
-
चमोली: 6 सड़कें
-
टिहरी: 1 सड़क
-
उत्तरकाशी: 4 सड़कें
-
पिथौरागढ़: 6 सड़कें
-
बागेश्वर: 2 सड़कें
-
देहरादून: 4 सड़कें
वहीं, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल, अल्मोड़ा, हरिद्वार, चंपावत और पौड़ी गढ़वाल जिलों में सभी मुख्य मार्ग सामान्य रूप से संचालित हो रहे हैं। प्रशासन द्वारा बंद सड़कों को खोलने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है, और संबंधित विभाग लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। लोगों से अपील है कि इस मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचें, सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन से संपर्क करें।

