उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में मंगलवार से मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 30 और 31 दिसंबर को राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। वहीं, मैदानी क्षेत्रों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी के आसार हैं। इसके साथ ही हरिद्वार, देहरादून, ऊधमसिंह नगर के अलावा चंपावत, नैनीताल और पौड़ी जिलों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। 31 दिसंबर को भी प्रदेशभर में मौसम की स्थिति लगभग ऐसी ही बनी रहेगी, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।
कोहरे से हवाई और रेल यातायात प्रभावित
राजधानी देहरादून में रविवार शाम से ही घना कोहरा छाया हुआ है, जो सोमवार को भी जारी रहा। सुबह के समय दृश्यता बेहद कम होने के कारण हवाई और रेल यातायात प्रभावित हुआ। देहरादून एयरपोर्ट पर सुबह 12:30 बजे तक कोई भी उड़ान लैंड नहीं कर सकी, जबकि विभिन्न शहरों से आ रही तीन उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा। इसके अलावा तीन उड़ानें देरी से पहुंचीं।
रेल यातायात भी कोहरे की चपेट में रहा। देहरादून आने वाली तीन ट्रेनें निर्धारित समय से विलंब से पहुंचीं, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और यात्रा के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।

