Monday, March 16, 2026
Homeराज्यउत्तराखण्डप्रदेश में मौसम का मिजाज बदला, धामों में बर्फबारी और कई जगह...

प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला, धामों में बर्फबारी और कई जगह बारिश

देहरादून। रविवार को बदरीनाथ धाम और केदारनाथ धाम सहित प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई, जबकि देहरादून और हरिद्वार समेत कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। मौसम के इस बदलाव से एक बार फिर ठंड लौट आई है।

रविवार सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे। सुबह हेमकुंड साहिब और फूलों की घाटी समेत अन्य ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई। वहीं केदारनाथ धाम में भी अच्छी बर्फबारी देखने को मिली। कड़ाके की ठंड और कठिन परिस्थितियों के बावजूद यहां पुलिस और आईटीबीपी के जवान मुस्तैदी से तैनात हैं।

धाम क्षेत्र में तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया जा रहा है। वहीं निचले इलाकों में हुई बारिश से ठंड में फिर बढ़ोतरी हो गई है। कई दिनों से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों को भी इससे राहत मिली है। ज्योतिर्मठ, गोपेश्वर, पीपलकोटी, चमोली और पोखरी समेत आसपास के क्षेत्रों में बारिश के बाद हल्की ठंड महसूस की जा रही है।

उधर मौसम विभाग ने देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं बिजली चमकने, तेज बारिश और ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले चार से पांच दिनों में अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट देखने को मिल सकती है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments