Saturday, March 7, 2026
Homeराज्यउत्तराखण्डसदन में पूर्व पीएम मनमोहन सिंह को किया गया याद, सीएम धामी...

सदन में पूर्व पीएम मनमोहन सिंह को किया गया याद, सीएम धामी ने दी श्रद्धांजलि

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने दी पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि दे रहे हैं। कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह अब हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन हम उनके व्यक्तित्व से प्रेरणा लेते हैं। सरलता और गंभीरता की प्रतिमूर्ति थे। उनका देश के लिए योगदान आने वाली पीढ़ियों तक याद किया जाएगा। वह आर्थिक सलाहकार, योजना आयोग के उपाध्यक्ष, आरबीआई के गवर्नर रहे। देश को उन्होंने ऊँचाई पर ले जाने की दिशा में जो काम किया, उसकी छाप आज भी भारत की आर्थिक व्यवस्था में नजर आता है। वर्ष 1987 में उन्हें पद्मविभूषण की उपाधि से सुशोभित किया गया। इसके बाद तमाम राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय पुरुस्कार से उन्हें सम्मानित किया गया। जाहिर होता है कि उनका कद कितना बड़ा था।

सदन में मुख्यमंत्री धामी ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को दी श्रद्धांजलि
अब सदन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पूर्व प्रधानमंत्री स्व. डॉ. मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि दे रहे हैं। मुख्यमंत्री ने ज्वालापुर के पूर्व विधायक स्व. चंद्रशेखर भट्टे वाले को भी श्रद्धांजलि दी। सीएम ने कहा कि वह जो प्रेरणा समाज को देकर गए निश्चित रूप से लोग उससे आगे बढ़ेंगे। जितने वो साधारण थे उतना ही उनका असाधारण व्यक्तित्व भी था। उनका योगदान बहुत बड़ा है। उनका निधन सबके लिए अपूरणीय क्षति है।

मंत्री रेखा आर्य और सुमित हृदयेश के बीच तीखी बहस
देहरादून और हल्द्वानी के स्टेडियम के पूरे नाम न लिखने पर विपक्ष के विधायक सुमित हृदयेश ने सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि दो पूर्व प्रधानमंत्री का पूरा नाम निमंत्रण पत्र पर सम्मान से लिखने के बजाय सरकार ने शार्ट में क्यों लिखा। इस पर मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि उनका नाम लिखा गया है, लेकिन दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। इसी के साथ प्रश्नकाल समाप्त हुआ।

सदन की कार्यवाही में शामिल होने पहुंचे सीएम
प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक के बाद सीएम धामी भी विधानसभा सदन की कार्यवाही में शामिल होने पहुंच गए है। सदन में राशन कार्ड को लेकर सत्तापक्ष के विधायकों ने भी सवाल किए। नए राशन कार्ड बनने पुराने की समीक्षा पर सवाल किए गए। मंत्री ने कहा, राशन कार्डों की समीक्षा को लेकर अभियान चलाए जाते हैं। रिक्ति के सापेक्ष ही नए राशन कार्ड बन सकते हैं

प्रदेश में 168 आंगनबाड़ी कम क्रेच केंद्रों को मिली स्वीकृति
मंत्री रेखा आर्य ने बताया कि प्रदेश में 168 आंगनबाड़ी कम क्रेच केंद्रों को स्वीकृति मिली है। अभी बजट का इंतजार। कामकाजी महिलाओं के 6 माह से 6 साल तक के बच्चे इन क्रेच(पालन) में रख सकते हैं।

विधायक उमेश कुमार ने किए सवाल
विधायक उमेश कुमार ने कहा कि हरिद्वार में एक साल में 144 पीले, अंत्योदय 44 कार्ड ही बने हैं। नेशनल फ़ूड सिक्योरिटी पोर्टल नहीं चलता। ये कब खुलेगा। प्राथमिक परिवार के कार्ड की संख्या कब बढ़ेगी। इसपर मंत्री रेखा आर्य ने जवाब दिया कि हरिद्वार को 37006 अंत्योदय, प्राथमिक परिवार के 9 लाख यूनिट आवंटित हैं। 41 अंत्योदय के कार्ड एक साल में बने, प्राथमिक परिवार के 374 निरस्त हुए थे और 144 बने हैं।

प्रश्नकाल जारी
सदन में प्रश्नकाल के दौरान मंत्री रेखा आर्य ने बताया कि प्रदेश में 1,76,000, अंत्योदय कार्ड की डिमांड है। कहा कि अगर कोई लगता है कि राशन कार्ड अपात्र की श्रेणी में आ गया है तो इसकी सूचना विभाग या सीएम पोर्टल पर दे सकते हैं।

मंत्री और कांग्रेस विधायक की तीखी तकरा
मंत्री और कांग्रेस विधायक की तीखी तकरार को लेकर सदन में हंगामा जारी है। सत्ता पक्ष ने कहा, विपक्ष आपत्तिजनक भाषा के लिए सदन से माफी मांगे।

सदन में हंगामा
विधानसभा सत्र की कार्यवाही शुरू हो चुकी है। इस बीच मदन बिष्ट और संसदीय कार्य मंत्री के बीच हुई बहस के मामले में सदन में हंगामा शुरू हो गया। विधानसभा अध्यक्ष ने आचरण समिति को मामला सौंपा।

नेता प्रतिपक्ष सहित कांग्रेस विधायकों का धरना
कुछ ही देर में विधानसभा सत्र शुरू होगा। इससे पहले सदन के बाहर नेता प्रतिपक्ष सहित कांग्रेस विधायक सत्र की अवधि बढ़ाने, भू कानून लागू करने और स्मार्ट मीटर के विरोध में सांकेतिक प्रदर्शन कर रहे हैं।

जनभावना के अनुरूप हर संकल्प पूरा करेंगे
विधानसभा सत्र के दौरान भू-कानून लाए जाने को लेकर बने संशय से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भाजपा की सरकार वे सभी कार्य करेगी, जो जनभावना के अनुरूप होंगे। चाहे वह भू-कानून हो या कोई अन्य कानून या संकल्प।

सीएम धामी का विपक्ष पर तंज
सीएम धामी ने विपक्ष पर तंज कर कहा कि एक तरफ आप कहते हैं कि सदन की अवधि बढ़ाई जानी चाहिए। वहीं, सदन की जो अवधि रखी गई उसमें भी आप चर्चा नहीं करते हैं। जो समय राज्य के विकास के लिए चर्चा में लगाया जाना चाहिए, उसे हो-हल्ला करके नष्ट करते हैं। राज्य के संसाधन खराब करते हैं।

विधानसभा सत्र का दूसरा दिन…भू-कानून में संशोधन समेत आएंगे कई अहम प्रस्ताव
उत्तराखंड में विधानसभा सत्र का आज दूसरा दिन है। बजट सत्र के बीच बुधवार को सुबह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में कैबिनेट की बैठक होगी। इसमें भू-कानून में संशोधन संबंधी विधेयक समेत कई अहम प्रस्ताव आने की संभावना है।

राज्य सरकार लगातार भू-कानून को और सख्त बनाने पर जोर दे रही है। इसके लिए इसी विधानसभा सत्र में भू-कानून संशोधन संबंधी विधेयक आ सकता है। कैबिनेट की बैठक में इसका प्रस्ताव आ सकता है। इसके अलावा अन्य रिपोर्ट भी सदन पटल पर रखने के प्रस्ताव आने की संभावना है।

विपक्ष की नोक-झोंक को सीएम ने बताया दुर्भाग्यपूर्ण
राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान विपक्षी सदस्यों के आचरण और नोक-झोंक को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया। उन्होंने कहा कि ऐसा आचरण हमारी संस्कृति का हिस्सा नहीं है। सदन में महिला विधायक भी हैं और पूरे राज्य की नजर सदन की कार्यवाही पर होती है। मुख्यमंत्री ने विधानसभा में सदन में विपक्ष के रवैये को लेकर पूछे गए सवाल पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, यह दुर्भाग्यपूर्ण है क्योंकि सदन की गरिमा है। पक्ष-विपक्ष मिलकर सदन चलाते हैं। यह पक्ष-विपक्ष की जिम्मेदारी है कि सदन ठीक से चले।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments