देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को तिब्बती मार्केट, देहरादून स्थित ओल्ड मल्टीपरपज हॉल में आयोजित सांसद खेल महोत्सव-2025 के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विजेता टीमों और खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि यह अवसर केवल एक तिथि नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण, सुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों को स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी ने अपने जीवन से यह सिखाया कि राजनीति सत्ता का साधन नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा का संकल्प होती है। उत्तराखंड राज्य निर्माण से लेकर देश को नई दिशा देने तक उन्होंने सदैव युवाओं, खिलाड़ियों और प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का सपना देखा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से सांसद खेल महोत्सव के समापन अवसर पर खिलाड़ियों का मार्गदर्शन कर उनका उत्साहवर्धन किया। प्रधानमंत्री की प्रेरणा से प्रारंभ हुआ यह महोत्सव आज केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि गांव-गांव से खेल प्रतिभाओं को पहचान देने का सशक्त माध्यम बन चुका है। यह “फिट इंडिया, स्पोर्ट्स इंडिया, स्ट्रॉन्ग इंडिया” के संदेश को साकार करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव के माध्यम से स्थानीय, पारंपरिक और लोक खेलों को पुनर्जीवित किया गया है तथा हर वर्ग के बच्चों को खेल के अवसर मिले हैं। खेल युवाओं को नशे से दूर रखने और उन्हें सकारात्मक दिशा देने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों में प्रदेश के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीतकर राज्य के खेल इतिहास में स्वर्णिम अध्याय जोड़ा है। आज उत्तराखंड को देवभूमि के साथ-साथ खेलभूमि के रूप में भी पहचान मिल रही है। राज्य अब विश्वस्तरीय स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए भी देश के अग्रणी राज्यों में गिना जाने लगा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में “स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान” लागू किया जा रहा है, जिसके तहत प्रदेश के आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियों की स्थापना की जाएगी। इन अकादमियों में प्रतिवर्ष 920 विश्वस्तरीय एथलीट और 1000 अन्य खिलाड़ी उच्चस्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे। इसके साथ ही हल्द्वानी में उत्तराखंड के पहले खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना की दिशा में भी तेजी से कार्य हो रहा है।
उन्होंने बताया कि नई खेल नीति के अंतर्गत राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेता खिलाड़ियों को “आउट ऑफ टर्न” सरकारी नौकरी दी जा रही है। मुख्यमंत्री खेल विकास निधि, मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी योजना और खेल किट योजना के माध्यम से उभरते हुए खिलाड़ियों को लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर राज्य के उत्कृष्ट खिलाड़ियों को 50-50 लाख रुपये की सम्मान राशि से भी सम्मानित किया गया है।
समारोह में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, लोकसभा सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह, दायित्वधारी विनोद उनियाल, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, मुख्य विकास अधिकारी देहरादून अभिनव शाह सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

