हल्द्वानी: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जीवन पर आधारित फिल्म “अजेय: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ ए योगी” में हल्द्वानी के अनंत जोशी ने मुख्य भूमिका निभाकर दर्शकों का दिल जीत लिया है। फिल्म में योगी आदित्यनाथ का किरदार निभा रहे अनंत के अभिनय की खूब सराहना हो रही है।
दिलचस्प बात यह है कि योगी आदित्यनाथ और अनंत जोशी दोनों मूल रूप से उत्तराखंड के रहने वाले हैं। अनंत का पैतृक निवास अल्मोड़ा जिले के हवालबाग में है। उन्होंने वर्ष 2008 से 2010 के बीच हल्द्वानी में रहकर आम्रपाली कॉलेज से होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई की थी।
अभिनय का था शुरू से शौक
अनंत के पिता गोपाल दत्त जोशी बताते हैं कि उन्हें बचपन से ही अभिनय का शौक था। कॉलेज में वे सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सक्रिय रहते थे। पढ़ाई के बाद अनंत मुंबई गए और फिर गुरुग्राम में काम करते हुए फिल्मी दुनिया से जुड़े लोगों के संपर्क में आए। धीरे-धीरे उन्होंने टीवी से फिल्मों का सफर तय किया।
बीमारी के बावजूद की शूटिंग, मां हुईं भावुक
अनंत की मां मधु जोशी ने बताया कि फिल्म की शूटिंग से ठीक पहले अनंत को पीलिया हो गया था। बावजूद इसके उन्होंने शूटिंग जारी रखी और इतना बेहतरीन अभिनय किया कि किसी को उनके बीमार होने का अंदाजा नहीं हुआ। बेटे की मेहनत और सफलता पर उन्हें गर्व है।
परिवार और शहरवासी हुए गदगद
अनंत की फिल्म देखने के बाद उनके परिवारजन—ताऊ जगदीश जोशी, चाचा विपिन जोशी व शंकर दत्त जोशी, भाई विनोद, योगेश और अनुज जोशी—ने उनकी सराहना की। पड़ोसी और जान-पहचान वाले भी अनंत के अभिनय को लेकर खुशी जाहिर कर रहे हैं।
टीवी से फिल्मों तक का सफर
अनंत जोशी ने ‘जिंदगी अभी बाकी है मेरे घोस्ट’ और ‘कर्ण संगिनी’ जैसे टीवी सीरियल्स में काम किया। इसके बाद ‘गंदी बात’, ‘वर्जिन भास्कर’ और ‘मामला लीगल है’ जैसी वेब सीरीज में उन्होंने अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाया। फिल्मी दुनिया में उन्होंने ‘कटहल’, ’12वीं फेल’ और हालिया रिलीज़ ‘ब्लैकआउट’ जैसी फिल्मों में भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं। अब फिल्म अजेय में उनके शानदार अभिनय को देखकर हल्द्वानी ही नहीं, पूरे उत्तराखंड को उन पर गर्व हो रहा है।

