देहरादून। उत्तराखंड में हो रही भारी वर्षा के मद्देनज़र मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को बैक-टू-बैक तीन अहम बैठकों के बाद अचानक आपदा परिचालन केंद्र पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से प्रदेश भर में हो रही वर्षा और मौसम की वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने आपदा परिचालन केंद्र में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर वर्षा जनित आपदाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने राहत और बचाव कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और सभी ज़िलाधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा ज़रूरत पड़ने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
सीएम धामी ने कहा कि जनता की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह से तैयार रहे। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए राहत और बचाव कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश से कई क्षेत्रों में जलभराव, भूस्खलन और यातायात बाधित होने की घटनाएं सामने आई हैं। मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी विभागों को सक्रिय रहने और आम जनता को समय-समय पर जरूरी जानकारी देने के निर्देश भी दिए।

