उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों के साथ-साथ मैदानी क्षेत्रों में भी घना कोहरा छाने से शुक्रवार को शीत दिवस जैसी स्थिति बनी रहेगी। मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून समेत हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, चंपावत, नैनीताल और पौड़ी जिले के कुछ हिस्सों में भीषण शीत दिवस को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों के कई क्षेत्रों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है।
वहीं, उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी के आसार हैं। खासकर 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ गिरने की संभावना बनी हुई है। मौसम में इस बदलाव का सीधा असर प्रदेशभर के तापमान पर पड़ेगा और ठंड में और इजाफा हो सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार 27 से 29 दिसंबर तक प्रदेशभर में मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि नए साल के मौके पर मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। 30 और 31 दिसंबर को पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है, जबकि मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

