भराड़ीसैंण – उत्तराखंड विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन भी विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच तीखी टकराहट जारी रही। भारी हंगामे और तकनीकी खामियों के चलते सदन को दूसरी बार 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। इससे पहले कार्यवाही शुरू होते ही सदन 15 मिनट के लिए स्थगित किया गया था।
भाजपा विधायकों के माइक हुए खराब, संसदीय कार्यमंत्री बोले दूसरे माइक से
सदन में स्थिति उस समय और असामान्य हो गई जब सत्तापक्ष के विधायकों और मंत्रियों के माइक काम करना बंद कर गए। संसदीय कार्यमंत्री सुबोध उनियाल को अपनी बात रखने के लिए दूसरे माइक का सहारा लेना पड़ा। तकनीकी गड़बड़ी ने कार्यवाही को और भी प्रभावित किया।
विपक्ष का आक्रामक विरोध, किताबें पटकीं
विपक्षी विधायकों ने विधानसभा सचिव की टेबल पर किताबें पटककर जोरदार विरोध दर्ज कराया। वे लगातार नारेबाजी कर रहे हैं और सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं। इससे सदन का माहौल तनावपूर्ण हो गया।
लगातार बाधित हो रही कार्यवाही
गौरतलब है कि मानसून सत्र के पहले दिन भी सदन में हंगामे का माहौल रहा था। विपक्ष लगातार विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरने में जुटा है, वहीं सरकार अपनी नीतियों और विधेयकों को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रही है।

