Wednesday, March 11, 2026
Homeराज्यउत्तराखण्डउत्तराखंड विधानसभा सत्र का तीसरा दिन: बजट पर चर्चा, विपक्ष ने उठाए...

उत्तराखंड विधानसभा सत्र का तीसरा दिन: बजट पर चर्चा, विपक्ष ने उठाए भूमिधरी समेत कई मुद्दे

देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा सत्र का आज तीसरा दिन है। सोमवार को सरकार ने सदन में बजट पेश किया था, जबकि मंगलवार को चार अध्यादेश और 11 विधेयक सदन के पटल पर रखे गए। बुधवार को बजट पर चर्चा होने के साथ ही इन विधेयकों को पारित किए जाने की संभावना है। वहीं, विभिन्न मुद्दों को लेकर सदन के भीतर और बाहर विपक्ष के तेवर भी तीखे बने हुए हैं।

पदक विजेता खिलाड़ियों को नौकरी की तैयारी
प्रश्नकाल के दौरान भाजपा विधायक सुरेश गढ़िया ने सरकार से पूछा कि प्रदेश में कितने पदक विजेता खिलाड़ियों को नौकरी दी गई है। इस पर खेल मंत्री रेखा आर्य ने बताया कि खिलाड़ियों को नौकरी देने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2013 से 2023 के बीच कुल 29 खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न नौकरी दी जा चुकी है।

सेमल डाला में बनेगा खेल स्टेडियम
प्रश्नकाल में कांग्रेस विधायक लखपत सिंह बुटोला ने पीपलकोठी स्थित सेमल डाला मैदान के विस्तार की मांग उठाई। इस पर खेल मंत्री रेखा आर्य ने बताया कि सेमल डाला में खेल स्टेडियम का निर्माण कराया जाएगा, जिससे क्षेत्र के खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

भूमिधरी का मुद्दा उठाएगा विपक्ष
विधानसभा सत्र के तीसरे दिन कांग्रेस नियम 310 के तहत भूमिधरी का मुद्दा सदन में उठाएगी। वहीं हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर विधायक सुमित विधानसभा भवन परिसर में धरने पर बैठ गए।

ये अध्यादेश होंगे पारित
सदन में आज जिन अध्यादेशों को पारित किए जाने की संभावना है, उनमें— उत्तराखंड दुकान और स्थापना (रोजगार विनियमन और सेवा शर्त) संशोधन अध्यादेश, उत्तराखंड जन विश्वास उपबंधों का संशोधन अध्यादेश, उत्तराखंड माल एवं सेवा कर संशोधन अध्यादेश, उत्तराखंड समान नागरिक संहिता संशोधन अध्यादेश शामिल हैं।

सदन में रखे गए 11 विधेयक
सरकार की ओर से सदन में कुल 11 विधेयक भी पेश किए गए हैं, जिनमें—

-उत्तराखंड कारागार और सुधारात्मक सेवाएं (संशोधन) विधेयक

-उत्तराखंड जन विश्वास उपबंधों पर (संशोधन) विधेयक

-उत्तराखंड दुकान और स्थापन (रोजगार विनियमन और सेवा शर्त) संशोधन विधेयक

-उत्तराखंड माल एवं सेवाकर (संशोधन) विधेयक

-उत्तराखंड उत्तर प्रदेश लोक सेवा (शारीरिक रूप से विकलांग, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों और पूर्व सैनिकों के लिए आरक्षण) संशोधन विधेयक

-उत्तराखंड भाषा संस्थान (संशोधन) विधेयक

-उत्तराखंड देवभूमि परिवार विधेयक

-उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग (संशोधन) विधेयक

-समान नागरिक संहिता उत्तराखंड (संशोधन) विधेयक

-उत्तराखंड निजी विश्वविद्यालय (संशोधन) विधेयक

-उत्तराखंड सार्वजनिक द्यूत रोकथाम विधेयक शामिल हैं।

माना जा रहा है कि आज सदन में इन विधेयकों पर चर्चा के बाद उन्हें पारित किया जा सकता है। वहीं, विभिन्न मुद्दों को लेकर विपक्ष के हंगामे के आसार भी बने हुए हैं। मंगलवार को भी नियम 58 के तहत चर्चा के दौरान सदन में जोरदार हंगामा हुआ था, जबकि सड़कों पर भी विपक्ष ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments