देहरादून: उत्तराखंड में लगातार खराब मौसम और भारी बारिश के कारण अस्थायी रूप से रोकी गई चारधाम यात्रा को अब फिर से शनिवार से शुरू कर दिया गया है। राज्य सरकार ने 1 से 5 सितंबर 2025 तक चारधाम यात्रा का संचालन और तीर्थयात्रियों का पंजीकरण स्थगित कर दिया था। लेकिन अब मौसम में सुधार के संकेतों के साथ ही यात्रा और रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया दोबारा शुरू हो गई है।
प्रशासन के अनुसार, प्रदेश में मौसम अब सामान्य होने की ओर है और यात्रा मार्गों पर भी स्थिति नियंत्रण में है। सभी संबंधित जिलों के प्रशासनिक अधिकारियों को सतर्कता बनाए रखने और आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
चारधाम यात्रा प्रबंधन संगठन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अब भी मौसम की स्थिति पर नजर रखें, और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए ही यात्रा करें।
1 सितंबर को मौसम विभाग द्वारा भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई थी, जिसके बाद सरकार ने एहतियातन यात्रा को 5 दिन के लिए स्थगित कर दिया था। इसके चलते बड़ी संख्या में तीर्थयात्रियों को अस्थायी रूप से यात्रा रोकनी पड़ी थी।
श्रद्धालुओं को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले मौसम अपडेट जरूर चेक करें और उत्तराखंड पर्यटन विभाग के आधिकारिक पोर्टल या हेल्पलाइन से पंजीकरण और मार्ग की स्थिति की जानकारी प्राप्त करें।

