उत्तराखंड में लगातार हो रही तेज बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है। पर्वतीय जिलों में मूसलधार बारिश के कारण केदारनाथ यात्रा को रोकना पड़ा है, जबकि श्रीनगर गढ़वाल में कई घरों में पानी घुस गया है।
मौसम विभाग ने देहरादून, चम्पावत और नैनीताल जिलों के कुछ हिस्सों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। अन्य जिलों में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है। चेतावनी के अनुसार, अगले 24 से 48 घंटे प्रदेश के कई हिस्सों के लिए भारी बारिश लेकर आ सकते हैं।
श्रीनगर गढ़वाल में आफत की बारिश
श्रीनगर गढ़वाल नगर निगम के वार्ड 29 भक्तियाना, एनआईटी क्षेत्र में शुक्रवार देर रात हुई मूसलधार बारिश से हालात बिगड़ गए। बारिश का पानी दो घरों के अंदर तक घुस गया। स्थानीय निवासी भास्कर रतूड़ी ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 4 बजे जब उनकी पत्नी जागीं, तो कमरे में पानी भरा मिला। बताया गया है कि राष्ट्रीय राजमार्ग की नाली चोक होने के कारण पानी घरों में घुसा।
केदारनाथ यात्रा पर ब्रेक
तेज बारिश के चलते गौरीकुंड से आगे केदारनाथ यात्रा मार्ग बाधित हो गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया है। इसके साथ ही यमुनोत्री धाम को जोड़ने वाली फूलचट्टी-जानकीचट्टी सड़क भी बारिश से क्षतिग्रस्त हो गई है। फूलचट्टी के पास सड़क धंसने से दोनों ओर दर्जनों वाहन फंसे हुए हैं, जिनमें स्थानीय लोग और श्रद्धालु शामिल हैं।
प्रशासन अलर्ट पर
प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिए गए हैं। प्रभावित इलाकों में जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से मलबा हटाने का काम जारी है। यात्रियों और स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि वे मौसम साफ होने तक यात्रा से बचें और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें।

