देहरादून— उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सभी जिलाधिकारियों के साथ वर्चुअल माध्यम से समीक्षा बैठक की। प्रदेश में लगातार हो रही भारी वर्षा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपनी टीम के साथ ग्राउंड ज़ीरो पर लगातार निगरानी रखें और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहें।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि अतिवृष्टि के कारण अवरुद्ध सड़कों को शीघ्र खोलने, पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति को तुरंत बहाल करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन के वैकल्पिक उपाय सुनिश्चित करने के लिए त्वरित कार्यवाही की जाए। जलभराव से निपटने के लिए पूर्व से तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कहा कि वर्षा से प्रभावित फसलों का शीघ्र आकलन किया जाए ताकि किसानों को यथाशीघ्र सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री धामी ने निर्देश दिए कि गलत तरीके से बनाए गए राशन कार्ड, आधार कार्ड, वोटर कार्ड, आयुष्मान कार्ड और अन्य दस्तावेजों के मामलों की जांच कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए, और इसमें शामिल व्यक्तियों को बख्शा न जाए।
‘ऑपरेशन कालनेमी’ के अंतर्गत आस्था की आड़ में जनता को गुमराह करने वालों के विरुद्ध भी नियमित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी जिलाधिकारी सरकारी अस्पतालों का नियमित निरीक्षण करें और वहां दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकों की उपस्थिति, उपकरणों की स्थिति और स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने यह भी बताया कि वे स्वयं भी समय-समय पर अस्पतालों का औचक निरीक्षण करेंगे।
बारिश के बाद अवस्थापना विकास से जुड़ी परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश भी बैठक में दिए गए। उन्होंने कहा कि सड़कों, पुलों, नालियों और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखा जाए।
‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ को प्रोत्साहित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी सरकारी कार्यालयों में स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दी जाए और आमजन को भी इसके लिए जागरूक किया जाए।
अंत में मुख्यमंत्री ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के शांतिपूर्ण आयोजन के लिए राज्य निर्वाचन आयोग, अधिकारियों, कर्मचारियों और सुरक्षा बलों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी की कर्तव्यनिष्ठा से यह प्रक्रिया लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।
बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगोली, विनय शंकर पांडेय, अपर पुलिस महानिदेशक ए.पी. अंशुमन, विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते, अपर सचिव बंशीधर तिवारी सहित सभी जिलाधिकारी वर्चुअल रूप से उपस्थित रहे।

