प्रदेश के मैदानी इलाकों में एक बार फिर ठंड और कोहरे की मार लोगों को परेशान कर सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 24 दिसंबर को देहरादून समेत हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल, चंपावत और पौड़ी जिले के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इसे देखते हुए इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक कोहरे के चलते ऊधमसिंह नगर, चंपावत और नैनीताल जिलों में शीत दिवस जैसी स्थिति बन सकती है। सुबह और देर शाम के समय दृश्यता कम रहने से सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है। प्रशासन ने वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।
आगे के मौसम की बात करें तो 27 दिसंबर तक प्रदेश भर में मौसम शुष्क बना रहेगा। वहीं 28 और 29 दिसंबर को पर्वतीय जिलों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इससे पहाड़ों में ठंड और बढ़ सकती है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग ने लोगों से ठंड और कोहरे को देखते हुए आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है।

