प्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 5 दिसंबर से उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इससे इन दिनों पड़ रही सूखी ठंड से कुछ राहत मिल सकती है।
4 दिसंबर को पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क बने रहने का अनुमान है। हालांकि पर्वतीय क्षेत्रों में सुबह-शाम पाला गिरने से ठंड का असर अधिक महसूस होगा। वहीं 5 दिसंबर से मौसम में बदलाव शुरू होगा, जिसके तहत उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है। 3200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की भी उम्मीद है।
6 दिसंबर को एक बार फिर मौसम साफ रहने का अनुमान है, लेकिन 7 और 8 दिसंबर को दोबारा बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार वर्षा और बर्फबारी के बाद तापमान में गिरावट दर्ज होगी, लेकिन इससे सूखी ठंड में कमी आएगी, जो स्वास्थ्य के लिए भी बेहतर मानी जा रही है।

