देहरादून। प्रदेश में मॉनसून का कहर जारी है। शुक्रवार को भी उत्तराखंड में तेज बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने रुद्रप्रयाग और बागेश्वर जिलों के कुछ इलाकों में येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा अन्य जिलों में भी तेज बारिश होने के आसार बने हुए हैं। विभाग के अनुसार, 30 जुलाई तक प्रदेशभर में भारी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
लगातार हो रही बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। पिथौरागढ़ जिले में मुनस्यारी-मिलम बॉर्डर मार्ग एक बार फिर मलबा आने से बंद हो गया है। यह मार्ग पहले भी कई दिनों तक बंद रहा था, जिसे हाल ही में खोला गया था। लेकिन अब दोबारा किलोमीटर 21.1 और 26.1 पर मलबा आने से रास्ता अवरुद्ध हो गया है। जिले में इसके अलावा आठ ग्रामीण सड़कें भी बंद हैं।
प्रदेशभर में फिलहाल कुल 29 सड़कें बंद हैं, जिनमें से 24 सड़कें ग्रामीण क्षेत्रों की हैं। बारिश के कारण कई सड़कों पर मलबा और पत्थर गिरने की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे आमजन के साथ-साथ यात्रियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार:
बागेश्वर में 1 सड़क
चमोली में 6 सड़कें
देहरादून में 2 सड़कें
रुद्रप्रयाग और टिहरी में 2-2 सड़कें
उत्तरकाशी में 6 ग्रामीण सहित कुल 7 सड़कें बंद हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अनावश्यक यात्रा से बचें और पहाड़ी क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतें। साथ ही, स्थानीय प्रशासन लगातार सड़कें खोलने और मलबा हटाने के प्रयासों में जुटा हुआ है।
यात्रियों और स्थानीय निवासियों को सलाह दी गई है कि वे मौसम से जुड़ी अपडेट्स पर नजर बनाए रखें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।

