उत्तराखंड में गुरुवार को मौसम ने अचानक करवट ली, जिससे प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड एक बार फिर बढ़ गई है। गंगोत्री धाम, यमुनोत्री धाम और बदरीनाथ धाम में ताजा बर्फबारी दर्ज की गई है, जिससे इन क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
विभाग ने हरिद्वार, उधम सिंह नगर, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत में आंधी-तूफान, बिजली चमकने और 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया है।
वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है।
बागेश्वर और पिथौरागढ़ के कुछ इलाकों में भारी बारिश के आसार हैं, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं तेज बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले 1-2 दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें, खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें तथा पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतें।

