गैरसैंण। उत्तराखंड विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को विधानसभा परिसर और आसपास का क्षेत्र विभिन्न मुद्दों को लेकर गरमाया रहा। एक ओर जहां ग्रामीण महिलाएं सड़क की मांग को लेकर विधानसभा परिसर तक पहुंच गईं, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर प्रदर्शन करते हुए बैरियर तोड़ने की कोशिश की।
चोरड़ा से भराड़ीसैंण मोटर मार्ग की मांग को लेकर चोरड़ा गांव की महिलाएं विधानसभा परिसर तक पहुंच गईं। महिलाएं अपनी मांग को लेकर नारेबाजी कर रही थीं। पुलिस ने उन्हें रोकते हुए हिरासत में लिया और बाद में अस्थायी जेल भेज दिया।
इस बीच सत्र के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड क्रांति दल के पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष और पूर्व कैबिनेट मंत्री रहे दिवंगत दिवाकर भट्ट को श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रश्नकाल के दौरान सदन में मानव-वन्यजीव संघर्ष का मुद्दा भी उठा। विधायक आशा नौटियाल ने केदारनाथ वन्यजीव क्षेत्र में वन्यजीवों के हमलों को लेकर चिंता जताई। इस पर वन मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि सरकार ने मानव-वन्यजीव संघर्ष के मामलों में पीड़ितों को तत्काल मुआवजा देने की व्यवस्था की है।
वहीं विधानसभा सत्र के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर प्रदर्शन किया। जंगलचट्टी बैरियर पर कांग्रेसियों ने हंगामा किया और बैरियर पार करने की कोशिश की। इस दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा। कुछ कार्यकर्ता बैरियर तोड़कर आगे बढ़ गए, जबकि कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने वहीं रोक लिया।

