उत्तराखंड का मौसम नए साल पर बारिश और बर्फबारी का तोहफा दे सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 30 और 31 दिसंबर के साथ-साथ एक जनवरी को प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है। वहीं 27 दिसंबर को दून समेत छह जिलों में शीत दिवस की स्थिति बनी रहेगी।
मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, पौड़ी, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, चंपावत और नैनीताल जिले के कुछ हिस्सों में शनिवार को घना कोहरा छाए रहने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि घना कोहरा छाने से पर्वतीय क्षेत्रों के साथ-साथ मैदानी इलाकों में भी सूखी ठंड लोगों को परेशान करेगी। हालांकि 29 दिसंबर तक प्रदेशभर में मौसम शुष्क बना रहेगा।
पूर्वानुमान के अनुसार 30-31 दिसंबर और एक जनवरी को उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़ और रुद्रप्रयाग जिले के कुछ हिस्सों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इसके अलावा 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी बर्फबारी के आसार हैं। इसका असर प्रदेशभर के तापमान पर देखने को मिलेगा और ठंड में इजाफा होने की संभावना है।

