पेपर लीक प्रकरण के चलते रद्द की गई स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा को लेकर अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने नई तिथि घोषित कर दी है। अब यह परीक्षा 17 मई को आयोजित की जाएगी। वहीं, विभिन्न विभागों के तकनीकी पदों की परीक्षा 3 मई को कराई जाएगी।
आयोग के सचिव डॉ. शिव कुमार बरनवाल के अनुसार, 21 सितंबर 2025 को पटवारी, लेखपाल, ग्राम विकास अधिकारी समेत अन्य पदों के लिए परीक्षा आयोजित हुई थी। लेकिन एक परीक्षा केंद्र पर नकल का मामला सामने आने के बाद आयोग ने परीक्षा को निरस्त कर दिया था।
अब इस परीक्षा को दोबारा कराने का निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही तकनीकी अर्हता वाले 18 प्रकार के पदों के लिए 5872 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। इन पदों की परीक्षा टैब के माध्यम से आयोजित की जाएगी।
गौरतलब है कि पेपर लीक मामले के बाद प्रदेशभर में युवाओं ने विरोध प्रदर्शन किया था। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों के बीच पहुंचकर मामले की सीबीआई जांच की सिफारिश की थी।

