नई दिल्ली। मालवीय नगर स्थित होटल में हुए अग्निकांड मामले में गिरफ्तार उत्तराखंड निवासी केशव नेगी के समर्थन में अब कांग्रेस और भाजपा दोनों खुलकर सामने आ गई हैं। दोनों दलों के नेताओं ने मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग उठाते हुए निर्दोष को न्याय दिलाने की बात कही है।
गणेश गोदियाल ने कहा कि मालवीय नगर की अग्निकांड घटना बेहद दुखद है, लेकिन दिल्ली सरकार की कार्रवाई पीड़ादायक है। उन्होंने कहा कि होटल में शेफ का काम करने वाले केशव नेगी पर यह आरोप लगाया जा रहा है कि उन्होंने आग बुझाने में योगदान नहीं दिया, जबकि यह सवाल उठना चाहिए कि आग बुझाने की जिम्मेदारी आखिर उनकी थी या नहीं।
उन्होंने कहा कि जांच का मुख्य विषय आग लगने के कारण और होटल में सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर होना चाहिए। कांग्रेस ने दिल्ली सरकार से हस्तक्षेप कर केशव नेगी को रिहा करने की मांग की है।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस बड़े आरोपियों को बचाने की कोशिश कर रही है और छोटे कर्मचारियों को आरोपी बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अग्निकांड के लिए जिम्मेदार होटल प्रबंधन और बड़े अधिकारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
वहीं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि उन्होंने और सांसद अनिल बलूनी ने दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से बात कर मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की है।
उन्होंने कहा कि किसी निर्दोष के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए और केशव नेगी को हरसंभव कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोग देश-विदेश में अपनी ईमानदारी, मेहनत और संस्कारों के लिए पहचाने जाते हैं तथा न्याय व्यवस्था पर पूरा विश्वास है, लेकिन निर्दोष को न्याय मिलना जरूरी है।

