गैरसैंण। उत्तराखंड विधानसभा के बजट सत्र का आज दूसरा दिन कई अहम मुद्दों के साथ शुरू हुआ। सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले कांग्रेस विधायक विभिन्न मांगों को लेकर विधानसभा परिसर में धरने पर बैठ गए।
हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश हल्द्वानी के आईएसबीटी और अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में बताई जा रही खामियों को लेकर गैरसैंण विधानसभा परिसर में धरने पर बैठे। उनके साथ अन्य कांग्रेसी विधायक भी अलग-अलग मुद्दों को लेकर विरोध जताते हुए धरने में शामिल हुए।
सदन में आज प्रश्नकाल के दौरान सरकार को विपक्ष के तीखे सवालों का सामना करना पड़ सकता है। इस बार पक्ष और विपक्ष के विधायकों की ओर से 600 से अधिक प्रश्न विधानसभा सचिवालय को प्राप्त हुए हैं, जिससे प्रश्नकाल के दौरान सदन के गरमाने के आसार हैं।
आज सदन के पटल पर कई महत्वपूर्ण अध्यादेश भी रखे जाएंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उत्तराखण्ड दुकान एवं स्थापना (रोजगार विनियमन और सेवा शर्त) (संशोधन) अध्यादेश, 2025, उत्तराखण्ड जन विश्वास (उपबंधों का संशोधन) अध्यादेश, 2025, उत्तराखण्ड माल और सेवा कर (संशोधन) अध्यादेश, 2025 तथा उत्तराखण्ड समान नागरिक संहिता (संशोधन) अध्यादेश, 2026 को सदन में पेश करेंगे।
इसके अलावा वित्तीय वर्ष से जुड़ी आर्थिक सर्वेक्षण की रिपोर्ट और कैग (CAG) की सात रिपोर्टें भी सदन के पटल पर रखी जाएंगी।
गौरतलब है कि बजट सत्र के पहले दिन सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 1,11,703.21 करोड़ रुपये का बजट पेश किया था, जो वर्तमान वित्तीय वर्ष की तुलना में 10.41 प्रतिशत अधिक है। ऐसे में आज प्रश्नकाल और अन्य कार्यवाही के दौरान सदन में तीखी बहस होने की संभावना है।

