Sunday, March 8, 2026
Homeराज्यउत्तराखण्डभाजपा के करीब 60 टिकट फाइनल, आज होगी उम्मीदवारों की घोषणा

भाजपा के करीब 60 टिकट फाइनल, आज होगी उम्मीदवारों की घोषणा

उत्तराखंड की पांचवीं विधानसभा के चुनाव के लिए भाजपा ने बुधवार को 60 से अधिक टिकट फाइनल कर दिए हैं। बृहस्पतिवार दोपहर 12 बजे पार्टी प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर देगी। शेष सीटों पर दोबारा मंथन के बाद अगले प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी हो सकती है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक ने बृहस्पतिवार तक प्रत्याशियों की पहली सूची जारी हो जाने की पुष्टि की।

बुधवार को नई दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की अध्यक्षता में केंद्रीय संसदीय बोर्ड की बैठक हुई। बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, उत्तराखंड चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी, उत्तराखंड से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक और प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार शामिल हुए।

सूत्रों के मुताबिक, देर रात तक उत्तराखंड की सभी 70 विधानसभा सीटों पर आए नामों के पैनल पर मंथन हुआ। इनमें से 60 से अधिक सीटों पर नाम फाइनल कर लिए गए। पार्टी सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खटीमा और प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक हरिद्वार विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। उनके अलावा सभी मंत्रियों के टिकट भी फाइनल हो गए हैं। बृहस्पतिवार को पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान प्रत्याशियों की पहली सूची जारी हो जाएगी।  कोटद्वार, डोईवाला समेत करीब 10 सीटों पर पार्टी बाद में निर्णय करेगी।

केंद्रीय संसदीय बोर्ड की बैठक में सभी 70 सीटों के पैनल पर गहन विचार-विमर्श हुआ। अधिकांश विस सीटों पर नाम फाइनल हो चुके हैं। बृहस्पतिवार को प्रत्याशियों के नामों की घोषणा हो सकती है।
– मदन कौशिक, प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा

कांग्रेस भी जल्द जारी कर सकती है उम्मीदवारों की सूची
टिकट बंटवारे को लेकर कांग्रेस में भी लगातार मंथन का दौर जारी है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस भी जल्द अपने उम्मीदवारों का एलान कर सकती है। दरअसल, भाजपा और कांग्रेस के बीच टिकटों की घोषणा को लेकर रणनीतिक तौर पर -पहले आप, पहले आप की होड़ लगी थी। एक-दूसरे के उम्मीदवारों की सूची देखकर अपने पत्ते खोलने की बात कही जा रही थी। अगर भाजपा अपने सीटों का एलान बृहस्पतिवार को कर देती है तो समझा जाता है कि कांग्रेस की सूची भी जल्द जारी हो सकती है। यह भी बताया गया है कि हरक सिंह की कांग्रेस में वापसी पर भी पार्टी जल्द फैसला लेगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments