नई दिल्ली: इंडिगो एयरलाइंस के परिचालन संकट के 11वें दिन नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने कड़ा कदम उठाते हुए चार फ्लाइट इंस्पेक्टरों को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई उस समय हुई है जब इंडिगो एक के बाद एक उड़ानों के रद्द होने से बढ़ रही अव्यवस्था और यात्रियों की परेशानियों से जूझ रही है।
गुरुवार को इंडिगो ने संकट से प्रभावित यात्रियों के लिए रिफंड के साथ-साथ अतिरिक्त मुआवजे की घोषणा भी की। इसी दिन दूसरी बार इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स DGCA के सामने पेश हुए और पूरी स्थिति पर स्पष्टीकरण दिया।
इस बीच उड़ान संचालन भी प्रभावित होता रहा। शुक्रवार को बेंगलुरु एयरपोर्ट से 54 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जिसमें 31 आगमन और 23 प्रस्थान उड़ानें शामिल थीं। इससे पहले गुरुवार को दिल्ली और बेंगलुरु से 200 से अधिक उड़ानें रद्द की जा चुकी थीं।
लगातार उड़ान रद्द होने से यात्रियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है, जबकि DGCA की इस कार्रवाई को परिचालन में सुधार लाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

