Saturday, March 7, 2026
Homeराज्यउत्तराखण्डकांग्रेस में ‘बाहरियों’ को टिकट पर विरोध के सुर बुलंद,दून सहित कई...

कांग्रेस में ‘बाहरियों’ को टिकट पर विरोध के सुर बुलंद,दून सहित कई शहरों में नेताओं ने जताई आपत्ति

देहरादून से रुद्रपुर तक कांग्रेस में कई दावेदारों को ‘बाहरी’ बताते हुए नेताओं ने विधानसभा क्षेत्र प्रभारियों के सामने विरोध किया। दरअसल, कांग्रेस ने आगामी चुनाव को लेकर विस क्षेत्रवार तैयारियां परखने के लिए प्रभारियों को मैदान में उतारा है। बुधवार को प्रभारियों ने कांग्रेस भवन में कैंट, धर्मपुर, राजपुर और गुनियाल गांव में मसूरी, सहसपुर, विकासनगर के दावेदारों की नब्ज टटोली। कई कांग्रेसी नेताओं ने विधानसभा सीट पर बाहरी दावेदारों को टिकट देने को लेकर विरोध के सुर उठाए। दोनों जगह स्थानीय दावेदारों को टिकट देने की मांग उठी।

देहरादून दौरे पर पहुंचे कैंट, धर्मपुर और राजपुर सीट प्रभारी विधायक इंद्राज गुर्जर बुधवार को भी शाम तक राजीव भवन में बैठे रहे। यहां उन्होंने विधानसभावार नेताओं से मुलाकात की। धर्मपुर से पूर्व कैबिनेट मंत्री दिनेश अग्रवाल, आशा मनोरमा डोबरियाल शर्मा, पूरण सिंह रावत आदि ने मुलाकात की। राजपुर से पूर्व विधायक राजकुमार, संजय कन्नौजिया, आशा टम्टा, मदन लाल और महानगर महिला कांग्रेस अध्यक्ष कमलेश रमन और कैंट से प्रदेश महामंत्री नवीन जोशी, महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जोशी, प्रदेश प्रवक्ता दीप वोहरा, राज्य आंदोलनकारी वीरेंद्र पोखरियाल, पार्षद कोमल वोहरा समर्थकों के साथ पहुंचे और प्रभारी से मिले।

दूसरे शब्दों में कहें तो नेताओं ने प्रभारी के सामने दावेदारी पेश की। प्रदेश महामंत्री नवीन जोशी, अभिनव थापर, सुमित्रा ध्यानी, दीप बोहरा ने कैंट सीट पर स्थानीय को टिकट देने की मांग प्रभारी के सामने रखी। उधर, प्रभारी इंद्राज गुर्जर ने इस पर मांग पर टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा कि उन्होंने नेताओं-कार्यकर्ताओं से बातचीत कर ली है। वह अपनी रिपोर्ट हाईकमान को सौंपेंगे। उधर, गनियाल गांव स्थित पंचायती भवन में मसूरी, सहसपुर और विकासनगर के कार्यकर्ताओं का सम्मेलन आयोजित हुआ। इसमें तीनों विधानसभा क्षेत्र प्रभारी पूर्व सांसद (हिमाचल) सुरेश चंदेल ने बैठक ली।

इस दौरान प्रदेश महामंत्री गोदावरी थापली, पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मसूरी मनमोहन सिंह मल्ल, लक्ष्मी अग्रवाल समेत कई नेताओं ने विधानसभा प्रभारी से मुलाकात की। सूत्रों के अनुसार, सहसपुर से लक्ष्मी अग्रवाल समर्थकों के साथ बैठक में पहुंचीं। उनकी ओर से स्थानीय को टिकट की मांग रखी गई। इस दौरान सुरेश चंदेल ने कहा कि यह दावेदारी जताने का मंच नहीं है। आगामी विस चुनाव की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ संवाद है। उधर, गुनियाल गांव में हुई बैठक में हंगामे की भी चर्चा रही, लेकिन कांग्रेस नेताओं ने हंगामे से इनकार किया।

चौकी में हम आए और तुम किसी और के साथ हो
धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र से दावेदारी कर रहे एक नेता कुछ समर्थकों के साथ कांग्रेस भवन पहुंचे। वहां पहले से मौजूद एक अन्य दावेदार के साथ रहे नेता ने अपने करीबी को युवक को दूसरे दावेदार के साथ देखा तो भड़क गया। भड़कते हुए कहा कि चौकी में हम तुम्हारे साथ खड़े थे और तुम यहां किसी ओर के साथ आ रहे हो। यह गलत बात है। साथ आए समर्थक को नेता ने अपने साथ काफी देर तक खड़ा रखा। कांग्रेस भवन में शाम तक खूब गहमागहमी रही।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments