अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन में 18 दिन बिताने के बाद भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला आज धरती पर लौट आए हैं। ‘एक्सिओम-4’ मिशन के तहत उनके तीन अन्य सहयोगी अंतरिक्ष यात्री भी शुभांशु के साथ ही धरती पर वापसी कर चुके हैं। राकेश शर्मा की 1984 की यात्रा के बाद शुभांशु शुक्ला स्पेस की यात्रा करने वाले दूसरे भारतीय अंतरिक्ष यात्री हैं।
शुभांशु शुक्ला के वापसी पर बोले पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को ऐतिहासिक अंतरिक्ष मिशन से सफलतापूर्वक लौटने पर बधाई दी है। उन्होंने कहा, मैं राष्ट्र के साथ मिलकर भारत के पहले ऐसे अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला का स्वागत करता हूं, जिन्होंने अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) की यात्रा की है। उनका यह साहसिक और प्रेरणादायी कदम एक अरब भारतीयों के सपनों को नई उड़ान देता है। यह मिशन न केवल देश के लिए गर्व का क्षण है, बल्कि भारत की मानव अंतरिक्ष मिशन ‘गगनयान’ की दिशा में एक और महत्वपूर्ण मील का पत्थर भी है।

