Saturday, March 7, 2026
Homeखास खबरराष्ट्रपति चुनावः द्रौपदी मुर्मू ने भरा पर्चा, सोनिया और ममता को किया...

राष्ट्रपति चुनावः द्रौपदी मुर्मू ने भरा पर्चा, सोनिया और ममता को किया फोन, जानें क्या हुई बात

नई दिल्ली। एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने नामांकन दाखिल कर कई राजनीतिक दलों के प्रमुखों से बातचीत की। न्यूज एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से लिखा है कि एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने फोन कर कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी और एनसीपी प्रमुख शरद पवार से बात की और राष्ट्रपति चुनाव में अपनी उम्मीदवारी के लिए उनकी पार्टी का समर्थन मांगा है।

सत्ताधारी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने संसद भवन परिसर स्थित राज्यसभा महासचिव के कार्यालय में निर्वाचन अधिकारी पी.सी. मोदी को मुर्मू के नामांकन पत्र सौंपे। मुर्मू के साथ नामांकन दाखिल करने के दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह, राजनाथ सिंह, जे.पी. नड्डा, कई राज्यों के मुख्यमंत्री और सहयोगी दलों के नेता मौजूद थे।

भाजपा नेताओं के अलावा वाईएसआर कांग्रेस के विजयसाई रेड्डी, ओडिशा की बीजू जनता दल सरकार के दो मंत्री और उसके नेता सस्मित पात्रा, अन्नाद्रमुक नेता ओ. पनीरसेल्वम और थम्बी दुरई तथा जनता दल (यूनाईटेड) के राजीव रंजन सिंह भी मौजूद थे। राष्ट्रपति पद के नामांकन के लिए प्रत्येक सेट में निर्वाचित प्रतिनिधियों के बीच से 50 प्रस्तावक और 50 अनुमोदक होने चाहिए।

चुनाव जीतने पर मुर्मू देश की पहली आदिवासी और दूसरी महिला राष्ट्रपति होंगी। प्रधानमंत्री मोदी मुर्मू के नामांकन पत्र में पहले प्रस्तावक थे। बता दें कि नामांकन के दौरान ओडिशा की सत्ताधारी बीजू जनता दल (बीजद) के प्रतिनिधि के रूप में राज्य सरकार के दो वरिष्ठ मंत्री मौजूद थे। बीजद ने मुर्मू की उम्मीदवारी का समर्थन किया है।

नामांकन से पहले द्रौपदी मुर्मू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की। इस दौरान सभी ने उन्हें फूलों का गुलदस्ता भेंट कर बधाई दी। बता दें कि कई राजनीतिक दलों ने राष्ट्रपति पद के लिए एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का समर्थन किया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments