Sunday, March 8, 2026
Homeखास खबरकर्नाटकः विधानसभा अध्यक्ष की दो टूक, विश्वास मत पर आज ही होगी...

कर्नाटकः विधानसभा अध्यक्ष की दो टूक, विश्वास मत पर आज ही होगी वोटिंग


खास बातें

-दो निर्दलीय विधायकों को झटका, सुप्रीम कोर्ट ने तत्काल सुनवाई से इनकार किया।

-स्पीकर ने कहा कि विश्वास मत पर किसी भी सूरत में आज ही वोटिंग होगी।

-स्पीकर ने अयोग्यता के मुद्दे पर बागी विधायकों को नोटिस भेजा।

-मायावती ने अपने इकलौते विधायक से कहा- कुमारस्वामी के पक्ष में वोट दें।

विश्वासमत से पहले कांग्रेस का बड़ा बयान

बंगलूरू। कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार का कहना है कि सरकार बचाने के लिए जेडीएस त्याग करने को तैयार है। वह कांग्रेस की तरफ से किसी को मुख्यमंत्री बनाने को राजी है। इसके बारे में उन्होंने हाईकमान को बता दिया है। सदन में वोटिंग से ठीक पहले लिया गया यह फैसला सरकार बचाने में मदद कर पाएगा या नहीं इसका पता तो आज चल जाएगा लेकिन बागी विधायक अपने तेवर नरम नहीं करेंगे इसका उन्होंने साफ संकेत दे दिया है। शिवकुमार ने पत्रकारों से कहा, ‘यदि सरकार बच जाती है तो इसके लिए जेडीएस मुख्यमंत्री पद का त्याग करने को तैयार है। जेडीएस ने कांग्रेस को नए मुख्यमंत्री का चुनाव करने के लिए स्वतंत्र हैं। वह सिद्धारमैया, जी परमेश्वर और मुझमें से किसी को मुख्यमंत्री बना सकते हैं।’

बागी विधायक अड़े
शिवकुमार द्वारा घोषणा करने के कुछ मिनट बाद ही बागी विधायकों ने कहा कि वह मानने वाले नहीं हैं। बागी विधायक बैराठी बस्वाराज ने कहा, ‘हमारे आत्म सम्मान को चोट पहुंची है और यदि सिद्धारमैया को मुख्यमंत्री बनाया जाता है तब भी अपना फैसला बदलने का कोई सवाल ही पैदा नहीं होता है।’ बस्वाराज पहले सिद्धारमैया के कट्टर अनुयायी थे।

बसपा विधायक कुमारस्वामी के पक्ष में करेंगे वोट?

बसपा विधायक एन महेश को पार्टी प्रमुख मायावती ने कुमारस्वामी के पक्ष में समर्थन करने के निर्देश दिए। इससे पहले एन महेश ने कहा था कि वे फ्लोर टेस्ट के दौरान तटस्थ रहेंगे। हालांकि, विश्वास मत प्रस्ताव पर बहस के दौरान भी बसपा विधायक सदन में गैर हाजिर थे।

स्पीकर ने बागी विधायकों को नोटिस भेजा

कर्नाटक के स्पीकर केआर रमेश कुमार ने बागी विधायकों को समन भेजकर उनसे 23 जुलाई को सुबह 11 बजे दफ्तर में मिलने को कहा है। गठबंधन नेताओं द्वारा अयोग्य ठहराए जाने (बागी विधायकों की) वाली याचिका पर नोटिस भेजा गया है। स्पीकर केआर रमेश ने कहा है, ‘मुझे भरोसा है कि विश्वास प्रस्ताव पर चर्चा आज पूरी हो जाएगी और सदन वोटिंग के लिए सहमत होगा। मैं अकेले इस पर फैसला नहीं कर सकता लेकिन मुझे विश्वास है कि सरकार वोटिंग आज कराने के अपने वादे को निभाएगी।’

सुप्रीम कोर्ट ने तत्काल सुनवाई से इनकार किया

कर्नाटक की राजनीतिक तस्वीर आज साफ होने की उम्मीद है। अपेक्षा है कि विधानसभा में आज विश्वास मत पर वोटिंग होगी। सरकार के बागियों को मनाने के सभी प्रयास विफल हो गए हैं। इसी बीच दो बागी विधायकों को उच्चतम न्यायालय से झटका लगा है। अदालत ने दो निर्दलीय विधायकों की याचिका पर तुरंत सुनवाई करने से मना कर दिया है। इन विधायकों ने अदालत से आज विधानसभा में विश्वास मत कराने का निर्देश देने के लिए याचिका दायर की थी। जिसपर अदालत ने तुरंत सुनवाई करने से मना कर दिया है।

कर्नाटक के स्पीकर केआर रमेश कुमार ने कहा, ‘मैं आज एक आदेश पारित करुंगा। मुझे आदेश पारित करने में देरी इसलिए हो गई क्योंकि मैं उच्चतम न्यायालय के आदेश की प्रतीक्षा कर रहा था। अपने भाषणों में आज इस बात को सुनिश्चित करें कि विधानसभा की गरिमा बनी रहे। ये समय काटने वाली रणनीति है। यह विधानसभा, अध्यक्ष की छवि और विधायकों के रूप में आपकी भी छवि को भी नुकसान पहुंचाता है।’

कर्नाटक उच्च न्यायालय में वकील आनंद मूर्ति ने एक जनहित याचिका दायर की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि विश्वास मत में जानबूझकर देरी की जा रही है।

कांग्रेस मंत्री डीके शिवकुमार ने कर्नाटक विधानसभा में कहा, ‘भाजपा इस बात को स्वीकार क्यों नहीं कर रही है कि उसे कुर्सी चाहिए? वह क्यों नहीं मान रहे हैं कि ऑपरेशन लोटस के पीछे उसका हाथ है? उन्हें यह बात माननी चाहिए कि उन्होंने इन (बागी) विधायकों से बात की है’

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments