Sunday, March 8, 2026
Homeखास खबररामपुर में सपा का शक्तिप्रदर्शन नाकाम, आजम के बेटे सहित 150 कार्यकर्ताओं...

रामपुर में सपा का शक्तिप्रदर्शन नाकाम, आजम के बेटे सहित 150 कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया


खास बातें

-जौहर यूनिवर्सिटी पर छापे और आजम खान के बेटे से पूछताछ से नाराज सपा का शक्ति प्रदर्शन।

-प्रशासन अलर्ट, रामपुर की सीमाएं सील, धारा 144 लागू।

-सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के भी पहुंचने की संभावना।

रामपुर। विधायक अबदुल्ला आजम खान के साथ लगभग 150 लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया। सभी कार्यकर्ताओं के साथ अबदुल्ला भी बस में बैठ कर गए। हिरासत में लिए गए सभी लोगों को मुर्तजा स्कूल और पुलिस लाइन में बनाये गए अस्थायी जेल में रखा गया है।

रामपुर एसपी अजयपाल शर्मा ने बताया कि सांसद आजम खान के बेटे विधायक अब्दुल्ला आजम को दोपहर करीब एक बजे पुलिस ने उनके घर में ही नजरबंद किया। इसके साथ ही पुलिस अन्य कार्यकर्ताओं को बस में भर कर ले गई। अबदुल्ला को कल यानी बुधवार को भी शांतिभंग करने और सरकारी कामों में बाधा डालने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। हालांकि शाम में अबदुल्ला नीचे मुचलके पर छूट गए थे।

रामपुर के माहौल को देखते हुए सुरक्षा की दृष्टि से सांसद आजम खान के घर के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात हैं। सपा नेताओं के अलावा आजम खान के समर्थक भी उनके घर के सामने बड़ी संख्या में इकट्ठा हो कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। इधर प्रशासन की तरफ से इन कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेने के लिए बस बुलाई गई है।

रोके गए सपा जिलाध्यक्ष
इधर संभल से रामपुर जा रहे समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष और गुन्नौर के पूर्व विधायक रामखिलाड़ी यादव को भी पुलिस और जिला प्रशासन ने सिरसी के पास रोक लिया।

कई सपा नेता गिरफ्तार
अब्दुल्ला आजम की गिरफ्तारी के विरोध में बरेली से रामपुर जा रहे भगवत सरन गंगवार, अताउर्रहमान, सुल्तान बेग, पूर्व जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव, पूर्व महानगर अध्यक्ष जफर बेग, योगेश यादव, सूरज बेग समेत कई सपा नेताओं को मीरगंज में अनुविश डिग्री कॉलेज के पास गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्हें बस में बैठाकर पुलिस लाइन लाया जा रहा है।

इसके बाद विधायक मोहम्मद फहीम इरफान और मोहम्मद इरफान सोलंकी डाक बंगले के सामने साथियों के साथ सांकेतिक धरने पर बैठ गए। इनके अलावा रामपुर जाने की कोशिश कर रहे सपा नेता धर्मेंद्र यादव और एसटी हसन हिरासत में लिए गए।

बिलारी से रामपुर जाते समय बिलारी के सपा विधायक मोहम्मद फहीम इरफान और कानपुर जिले के सीतामऊ विधानसभा क्षेत्र के विधायक इरफान सोलंकी को बिलारी तहसील प्रशासन ने भिलाई नगर से निकलते ही हाईवे पर डाक बंगला के सामने रोक दिया। बिलारी विधायक समर्थकों को साथ लेकर रामपुर जा रहे थे, बिलारी के एसडीएम सीओ और कोतवाल ने दोनों सपा विधायकों और उनके समर्थकों को डाक बंगला के सामने हाईवे पर रोक कर वापस घर भेज दिया।

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश के अनुसार वरिष्ठ समाजवादी नेता आजम खान के साथ हो रहे सरकारी उत्पीड़न के खिलाफ बरेली, पीलीभीत, संभल, बदायूं, अमरोहा, मुरादाबाद और बिजनौर के सभी समाजवादी पार्टी नेता, कार्यकर्ताओ एवं पदाधिकारीओ को रामपुर पहुचने का आदेश दिया गया है। जिसके चलते पुलिस ने सपा नेताओं को रामपुर आने से रोकने के लिए रामपुर की सभी सीमाएं सील कर दी हैं।

डीएम रामपुर एके सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा और बकरा ईद के मद्देनजर धारा 144 (एक क्षेत्र में 5 से अधिक लोगों की सभा पर रोक) पहले से ही लागू है। हमें अतिरिक्त बल मिल गए हैं, हम किसी को भी सीमा से प्रवेश नहीं करने देंगे। जो कोई भी कानून और व्यवस्था का उल्लंघन करेगा, उसके साथ सख्ती से निपटा जाएगा।

समाजवादी पार्टी के स्वार टांडा विधायक अब्दुल्ला आजम खान की गिरफ्तारी एवं सांसद आजम खान के खिलाफ हो रही कार्रवाई के बाद सपा की ओर से आंदोलन का एलान किया गया है। इसके लिए गुरुवार को प्रदेशभर के सपा कार्यकर्ता रामपुर में जुटेंगे। सपा मुखिया अखिलेश यादव भी रामपुर आ सकते हैं। हालांकि, अभी उनके आगमन को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिल सकी है।

मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी में किसानों की जमीनों पर कब्जा करने समेत मदरसा आलिया की किताबें चोरी होने के बाद अब पुलिस प्रशासन की ओर से कार्रवाई तेज कर दी है।

मदरसा आलिया (राजकीय ओरिएंटल कालेज) से गायब किताबों की तलाश में जौहर यूनिवर्सिटी में पुलिस की छापेमारी बुधवार को दूसरे दिन भी जारी रही। पुलिस ने वहां से और किताबें बरामद की हैं। इसके अलावा यूनिवर्सिटी कैंपस में शेरों की दो प्रतिमाएं भी मिली हैं, जिसके बारे में कहा जा रहा है कि इसे रामपुर क्लब से उठाकर लाया गया था। सपा की सरकार में रामपुर क्लब को तुड़वा कर निरीक्षण भवन बनवा दिया गया था। शेरों की प्रतिमा गायब होने के संबंध में पूर्व मंत्री नवाब काजिम अली खान और भाजपा लघु उद्योग प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय संयोजक आकाश सक्सेना ने पुलिस से शिकायत की थी। इसके अलावा यूनिवर्सिटी की एक बिल्डिंग के ताले तोड़ने के प्रयास किए गए हैं। यह तलाशी अभियान अभी जारी रहेगा। बुधवार को पुलिस ने सांसद आजम खान के पुत्र एवं स्वार टांडा विधायक अब्दुल्ला आजम खान को भी गिरफ्तार कर लिया था।

जैसे ही यह खबर सामने आई तो प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन होने लगे। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने भी अपने कार्यकर्ताओं को रामपुर कूच करने का आदेश दे दिया। ऐसे में गुरुवार को प्रदेशभर से सपा कार्यकर्ता रामपुर पहुंचेंगे। समाजवादी पार्टी की ओर से सोशल मीडिया पर जानकारी दी गई है कि गुरुवार एक अगस्त को आजम खान के समर्थन में कई जिलों के सपाई रामपुर में जुटेंगे। इसको लेकर पुलिस प्रशासन ने भी अपनी तैयारी शुरू कर दी है, ताकि माहौल खराब ना होने पाए।

अखिलेश ने बुधवार शाम करीब पांच बजे ट्वीट कर के पार्टी कार्यकर्ताओं को इकट्ठा होने को कहा है। उन्होंने बरेली, पीलीभीत, संभल, बदायूं, अमरोहा, मुरादाबाद और बिजनौर के पार्टी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया है कि वे गुरुवार को हर हाल में रामपुर पहुंचें। पार्टी की तरफ से यह निर्देश अब्दुल्ला आजम के संदर्भ में हो रही पुलिस कार्रवाई को देखते हुए दिए गए हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments