Saturday, March 7, 2026
Homeखास खबरजम्मू-कश्मीर को लेकर अमित शाह की बैठक, डोभाल सहित कई शीर्ष अधिकारी...

जम्मू-कश्मीर को लेकर अमित शाह की बैठक, डोभाल सहित कई शीर्ष अधिकारी थे मौजूद

अजीत डोभाल की अमित शाह से मुलाकात
दिल्ली। राजधानी दिल्ली में गृह मंत्रालय में जम्मू-कश्मीर को लेकर अहम बैठक हुई। इस बैठक की अध्यक्षता गृह मंत्री अमित शाह ने की। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल, गृह सचिव राजीव गौबा और कई वरिष्ठ खुफिया अधिकारी बैठक में मौजूद थे।

बैठक में अजीत डोभाल ने पांच अगस्त से प्रशासनिक पाबंदियों से गुजर रहे जम्मू कश्मीर की वर्तमान स्थिति के बारे में गृह मंत्री अमित शाह को बताया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। कश्मीर घाटी से लौटने के बाद डोभाल की शाह के साथ यह पहली बैठक है। वह घाटी में 11 दिनों तक रुके थे और वहां उन्होंने हालात पर व्यक्तिगत रूप से नजर रखी थी।

केंद्रीय गृह सचिव राजीव गौबा और अन्य शीर्ष अधिकारी भी इस बैठक में मौजूद थे, जिसमें राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए उठाये गये कदमों की समीक्षा की गई। अधिकारी के अनुसार जम्मू कश्मीर के विभिन्न हिस्सों में लगाई गई पाबंदियों से जुड़े मुद्दों पर भी बैठक में चर्चा हुई।

जम्मू कश्मीर को विशेष राज्य का दर्जा प्रदान करने वाले अनुच्छेद 370 के ज्यादातर प्रावधानों को केंद्र द्वारा निरस्त करने और राज्य को दो केंद्रशासित प्रदेशों में बांटने के बाद से पांच अगस्त से संचार संपर्कों और लोगों की आवाजाही पर पाबंदी लगाई गई है।

डोभाल जम्मू कश्मीर में 11 दिन तक रहने के बाद दिल्ली वापस लौटे थे। डोभाल ने घाटी के दौरे पर यह सुनिश्चित किया कि किसी को भी जान-माल का नुकसान न हो। उनके दौरे से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया था जिसमें वह स्थानीय लोगों से बातचीत करते दिखे थे। उन्होंने शोपियां में स्थानीय लोगों के साथ खाना भी खाया।

अपने जम्मू दौरे के दौरान डोभाल ने जम्मू कश्मीर में सुबह-शाम संबंधित सुरक्षा अधिकारियों से लेकर वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठकें कीं। इस दौरान वह जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद प्रभावित इलाके अनंतनाग में भी नजर आए और स्थानीय लोगों से बातचीत करते दिखे थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments