Saturday, March 7, 2026
Homeरुद्रप्रयागपार्षद पुत्र पर हमला फर्जी निकला, खुद ही रचवाई थी साजिश; चार...

पार्षद पुत्र पर हमला फर्जी निकला, खुद ही रचवाई थी साजिश; चार गिरफ्तार

रुद्रपुर। किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ के पार्षद पुत्र पर रविवार रात हुए हमले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि यह हमला किसी और ने नहीं, बल्कि पार्षद ने खुद ही साजिश रचकर करवाया था। हमले के लिए तीन हमलावरों को मात्र 1500 रुपये दिए गए थे। पुलिस ने हमलावरों को हायर करने वाले पार्षद के करीबी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, एक जिंदा कारतूस और एक चाकू भी बरामद किया गया है। सभी को कोर्ट में पेश कर दिया गया है।

एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि रविवार शाम आवास विकास क्षेत्र निवासी पार्षद सौरभ बेहड़, जो किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ के पुत्र हैं, पूर्व में हुए एक विवाद के मामले में पंचायत में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान घर से कुछ दूरी पर बाइक सवार तीन युवकों ने उनकी स्कूटी को लात मारकर गिरा दिया और उनके साथ मारपीट की। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे और उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की आठ टीमें जांच में लगाई गई थीं।

बुधवार रात पुलिस सिडकुल रोड पर गश्त कर रही थी। इस दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार तीन युवक पुलिस को देखकर वापस मुड़ने लगे। शक होने पर पुलिस ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने अपनी पहचान घासमंडी आदर्श कॉलोनी वार्ड 36 निवासी वंश कुमार पुत्र कुलदीप सिंह, बादशाह पुत्र एनुल हक और ट्रांजिट कैंप नारायण कॉलोनी निवासी दीपक सिंह पुत्र शेर सिंह के रूप में बताई। तलाशी में वंश के पास से 312 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस, बादशाह के पास से 315 बोर का तमंचा और दीपक सिंह के पास से एक चाकू बरामद हुआ।

एसएसपी ने बताया कि पूछताछ में तीनों आरोपियों ने कबूल किया कि कुछ दिन पहले उन्होंने आवास विकास में रिंग रोड के पास पार्षद सौरभ बेहड़ पर हमला किया था। इसके लिए पार्षद के करीबी आदर्श कॉलोनी निवासी इंदर नारंग ने उन्हें 1500 रुपये दिए थे। इसके बाद पुलिस ने इंदर नारंग को भी गिरफ्तार कर लिया।

एसपी क्राइम निहारिका तोमर ने बताया कि आरोपियों ने पहले सौरभ बेहड़ का नाम सुनते ही हमला करने से इनकार कर दिया था। लेकिन इंदर नारंग ने कहा कि हमला खुद सौरभ के कहने पर करवाया जा रहा है। इसके बाद तीनों आरोपी हमले के लिए तैयार हो गए और इंदर द्वारा बताए गए स्थान पर जाकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments