ऊखीमठ (रुद्रप्रयाग): पंचकेदार गद्दी स्थल ओंकारेश्वर मंदिर में बृहस्पतिवार को मंत्रोच्चारण एवं विधि-विधान के साथ शीतकालीन यात्रा का भव्य शुभारम्भ किया गया। जीएमवीएन ऊखीमठ परिसर से ओंकारेश्वर मंदिर तक निकाली गई कलश यात्रा में महिला मंगल दल, युवा मंगल दल और विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मार्ग भर श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया, जबकि सांस्कृतिक परंपराओं की झलक ने वातावरण को आध्यात्मिक रंगों से सराबोर कर दिया।
मंदिर पहुंचने के पश्चात केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल, बदरी–केदार मंदिर समिति के उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण, तथा जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने विधिवत पूजा-अर्चना कर शीतकालीन यात्रा का शुभारम्भ किया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक आशा नौटियाल ने क्षेत्र और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि इस वर्ष भी यात्रा का आरंभ पूरे उत्साह और भव्यता के साथ किया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार पिछले वर्ष की तुलना में अधिक श्रद्धालु भगवान ओंकारेश्वर के दर्शन के लिए पहुंचेंगे।
जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने बताया कि शीतकालीन यात्रा के मद्देनज़र सड़क, पेयजल, विद्युत, सुरक्षा से लेकर पार्किंग तक सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि इस यात्रा से क्षेत्र की स्थानीय आर्थिकी को भी मजबूती मिलेगी।
ओंकारेश्वर मंदिर के मुख्य पुजारी शिवशंकर लिंग ने कहा कि यह मंदिर पंचकेदार की गद्दी स्थली है और यहां दर्शन करने से भगवान केदारनाथ के ही दर्शन का पुण्य प्राप्त होता है।

