केदारनाथ– पावन केदारनाथ धाम की दूसरे चरण की तीर्थयात्रा अब रफ्तार पकड़ चुकी है। प्रतिदिन 10 हजार से अधिक श्रद्धालु भगवान केदारनाथ के दर्शन कर पुण्य अर्जित कर रहे हैं। अब तक कुल 17,12,613 तीर्थयात्री धाम के दर्शन कर चुके हैं।
बरसात के दौरान तीर्थयात्रा की रफ्तार कुछ धीमी पड़ गई थी और उस समय प्रतिदिन लगभग 5 हजार श्रद्धालु ही दर्शन को पहुंच रहे थे। अगस्त माह में हुई अतिवृष्टि के कारण गौरीकुंड हाईवे और आस्था पथ पर भूस्खलन व भूधंसाव हुआ, जिससे यात्रा प्रभावित रही। खराब मौसम के चलते जिला प्रशासन को कुछ समय के लिए तीर्थयात्रा रोकनी भी पड़ी थी।
लेकिन अब मौसम साफ और सुहावना हो गया है, जिससे तीर्थयात्रियों की संख्या में भारी इजाफा देखा जा रहा है। अधिकतर श्रद्धालु जत्थों के साथ धाम पहुंच रहे हैं और दर्शन के साथ-साथ प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद भी उठा रहे हैं।
स्थानीय व्यवसायी विनोद सेमवाल के अनुसार, बारिश के बाद केदारनाथ के आस-पास की पहाड़ियों की तलहटी में हरी-भरी बुग्याली घास उग आई है, जो तीर्थयात्रियों को आकर्षित कर रही है।
तीर्थस्थल पर भक्तों की बढ़ती भीड़ ने स्थानीय व्यापार को भी रफ्तार दी है। होटल, लॉज, और खाने-पीने की दुकानों पर फिर से रौनक लौट आई है।
केदारनाथ धाम में अब तक की यह तीर्थयात्रा भक्तों के लिए श्रद्धा और प्रकृति के संगम का विशेष अवसर बन गई है। प्रशासन भी यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए सतर्कता बरत रहा है।

