रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा एक बार फिर बाधित हो गई है। मंगलवार शाम को सोनप्रयाग-गौरीकुंड पैदल मार्ग पर भारी भूस्खलन के चलते यात्रा रोक दी गई है। मुनकटिया से करीब डेढ़ किलोमीटर आगे पहाड़ी का बड़ा हिस्सा ढह गया, जिससे रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड राष्ट्रीय राजमार्ग पूरी तरह बंद हो गया है। घटना के बाद पुलिस ने दोनों ओर से यात्रियों की आवाजाही पर रोक लगा दी है।
मौके पर मौजूद अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार शाम करीब साढ़े छह बजे बारिश के दौरान अचानक ऊपरी पहाड़ी से चट्टान और मलबा हाईवे पर गिर पड़ा। गनीमत रही कि उस समय मार्ग से कोई वाहन नहीं गुजर रहा था, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई। लेकिन इसके कारण सोनप्रयाग और गौरीकुंड दोनों स्थानों पर यात्रा पूरी तरह थम गई है।
प्रशासन कर रहा राहत कार्य
सोनप्रयाग कोतवाली प्रभारी राकेंद्र सिंह कठैत ने बताया कि भूस्खलन के दौरान बड़े-बड़े बोल्डर और भारी मलबा गिरा है, जिससे रास्ता पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है। यात्रियों को फिलहाल सोनप्रयाग और गौरीकुंड में ही रोक दिया गया है।
राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) के अधिशासी अभियंता ओंकार नाथ पांडे ने जानकारी दी कि मार्ग को खोलने के लिए दो मशीनों से मलबा हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। हालांकि रुक-रुककर हो रही बारिश और अंधेरा राहत कार्य में बाधा बन रहा है। यदि मौसम अनुकूल रहा तो बुधवार तक मार्ग बहाल होने की संभावना है।
यात्रियों से की गई संयम बरतने की अपील
प्रशासन ने तीर्थयात्रियों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। यात्रियों को फिलहाल सुरक्षित स्थानों पर रोका गया है और उन्हें जरूरी सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं।

