रुद्रप्रयाग। वर्षा के कारण केदानाथ यात्रा मार्ग पर मुनकटिया में गुरुवार सुबह भी भूस्खलन हो गया। मलबा आने से मार्ग अवरुद्ध हो गया। इस कारण केदारनाथ यात्रियों को सोनप्रयाग में रोका गया है। सोनप्रयाग शटल पुल के समीप भी पहाड़ी से पत्थर और बोल्डर गिर रहे हैं। बुधवार को भी चार घंटे तक सोनप्रयाग में यात्रियों को रोका गया था।
उधर, यमुनोत्री यात्रा सुचारु है। यमुनोत्री पैदल मार्ग पर नौ कैंची के पास सोमवार को भूस्खलन के बाद मलबे में दबकर लापता हुए दो यात्रियों की तलाश के लिए चौथे दिन गुरुवार को फिर सर्च आपरेशन शुरू किया गया है। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के जवान तलाश में जुटे हैं। बदरीनाथ हाईवे पर नंदप्रयाग में भी मलबा आने से एक वाहन फंस गया। इससे करीब दो घंटे तक हाईवे बाधित रहा।

