टिहरी। कोटी कॉलोनी में आयोजित चार दिवसीय टिहरी झील महोत्सव का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को विधिवत उद्घाटन किया। 6 से 9 मार्च तक टिहरी झील में आयोजित होने वाला यह लेक फेस्टिवल प्रदेश में पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगा।
महोत्सव को सफल बनाने के लिए उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद और जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। चार दिनों तक चलने वाले इस फेस्टिवल में साहसिक खेलों के साथ-साथ सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महोत्सव का मुख्य उद्देश्य टिहरी जिले को एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित करना और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित करना है।
फेस्टिवल के दौरान ट्रैकिंग, माउंटेन बाइकिंग, रॉक क्लाइंबिंग और राफ्टिंग जैसी साहसिक गतिविधियों के साथ ही स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम, मास्टर शेफ प्रतियोगिता, फैशन शो और फोटोग्राफी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
एक लाख रुपये तक जीतने का मौका
महोत्सव में प्रतिभागियों के लिए आकर्षक प्रतियोगिताएं भी रखी गई हैं। इनमें मास्टर शेफ, फोटोग्राफी, पेंटिंग, सोशल मीडिया रील, ग्रुप फैशन शो, मिस्टर एंड मिस टिहरी, राफ्टिंग और रैप सिंगिंग प्रतियोगिता शामिल हैं।
इन प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को एक लाख रुपये तक का पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं, दूसरे स्थान पर रहने वाले को 50 हजार रुपये और तीसरे स्थान पर रहने वाले को 25 हजार रुपये का पुरस्कार मिलेगा। इसके अलावा पांच-पांच हजार रुपये के 10 सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।
चार दिनों तक चलने वाला यह महोत्सव टिहरी झील के प्राकृतिक सौंदर्य और साहसिक पर्यटन को देश-विदेश के पर्यटकों के सामने प्रस्तुत करेगा।

