नई टिहरी: ई ब्लॉक कलेक्ट्रेट क्षेत्र में भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच के दौरान हर्ष फायरिंग का मामला सामने आया है। बीती रात एक व्यक्ति ने रायफल से तीन राउंड फायर कर इलाके में सनसनी फैला दी। फायरिंग के दौरान एक गोली करीब 150 मीटर दूर स्थित एक इमारत की पानी की टंकी में जा लगी, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। पुलिस को घटनास्थल से तीन खाली कारतूस (शेल) और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। फोरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है।
पुलिस का कहना है कि यह मामला प्रथम दृष्टया हर्ष फायरिंग का लग रहा है, लेकिन जांच के बाद ही सटीक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल आरोपी की पहचान और उसे पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
स्थानीय लोग इस घटना से दहशत में हैं और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मामले की पूरी जांच की जाएगी और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

