नई टिहरी। जिला न्यायालय परिसर में बम होने की सूचना मिलने से मंगलवार को हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और एलआईयू (स्थानीय खुफिया इकाई) की टीम मौके पर पहुंची और पूरे परिसर की सघन तलाशी ली। प्राथमिक जांच में कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिलने पर पुलिस, न्यायिक अधिकारियों और वकीलों ने राहत की सांस ली।
जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल मिश्रा और सीओ टिहरी महेश लखेड़ा ने बताया कि न्यायालय में बम रखे जाने की सूचना ई-मेल के माध्यम से मिली थी। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे कोर्ट परिसर के हर कोने की बारीकी से जांच की।
अधिकारियों के अनुसार तलाशी अभियान में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, लेकिन एहतियात के तौर पर परिसर पर नजर रखी जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

