Saturday, March 7, 2026
Homeटिहरीटिहरी झील में 6 से 9 मार्च तक लेक फेस्टिवल, पर्यटन को...

टिहरी झील में 6 से 9 मार्च तक लेक फेस्टिवल, पर्यटन को मिलेगा नया आयाम

नई टिहरी। 6 से 9 मार्च तक टिहरी झील में आयोजित होने वाला लेक फेस्टिवल जिले को प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में नई पहचान दिलाने जा रहा है। आयोजन की तैयारियां उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद और जिला प्रशासन द्वारा शुरू कर दी गई हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी फेस्टिवल का शुभारंभ करेंगे।

चार दिवसीय इस महोत्सव का उद्देश्य टिहरी को एडवेंचर और सांस्कृतिक पर्यटन के हब के रूप में विकसित करना तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करना है।

एडवेंचर और संस्कृति का संगम

फेस्टिवल के दौरान ट्रैकिंग, माउंटेन बाइकिंग, रॉक क्लाइंबिंग और राफ्टिंग जैसी रोमांचक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोक कला आधारित फैशन शो, मास्टर शेफ प्रतियोगिता और फोटोग्राफी जैसी प्रतियोगिताएं भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रथम विजेता को एक लाख रुपये तक, द्वितीय को 50 हजार रुपये और तृतीय को 25 हजार रुपये का पुरस्कार मिलेगा। इसके अलावा 10 प्रतिभागियों को पांच-पांच हजार रुपये के सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।

कोटी कॉलोनी में रंगारंग शुभारंभ

फेस्टिवल का उद्घाटन 6 मार्च को कोटी कॉलोनी में होगा। यहां फूड फेस्टिवल, मिस्टर एंड मिस टिहरी, मास्टर शेफ प्रतियोगिता और वीर भड़ माधो सिंह भंडारी की जीवनगाथा पर आधारित नाट्य प्रस्तुति आयोजित की जाएगी।

6 मार्च को पांडवाज बैंड और 7 मार्च को प्रसिद्ध गायक एवं संगीतकार अमित त्रिवेदी अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे।

दूरस्थ क्षेत्रों में भी आयोजन

फेस्टिवल के तहत प्रतापनगर ब्लॉक में 7 मार्च को माजफ–पीडी ट्रैक और 8 मार्च को थात-खैट पर्वत ट्रैक आयोजित होंगे। घनसाली में बासल ताल ट्रैक का आयोजन किया जाएगा।

नरेंद्र नगर ब्लॉक में 8 मार्च को ब्रह्मपुरी से खारास्रोत तक गंगा में राफ्टिंग कराई जाएगी, जबकि धनोल्टी क्षेत्र में सुआखोली से देवलसारी तक एमटीबी राइड आयोजित होगी।

लेक फेस्टिवल से न केवल टिहरी जिले में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय युवाओं, कलाकारों और व्यवसायियों को भी नया मंच और रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments