Saturday, March 7, 2026
Homeटिहरीथौलधार में प्रथम खेलकूद एवं सांस्कृतिक महोत्सव संपन्न, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी...

थौलधार में प्रथम खेलकूद एवं सांस्कृतिक महोत्सव संपन्न, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रहे मुख्य अतिथि

टिहरी गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को थौलधार ब्लॉक स्थित राजकीय इंटर कॉलेज छाम में आयोजित प्रथम खेलकूद एवं सांस्कृतिक महोत्सव के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया तथा समान नागरिक संहिता (UCC) के अंतर्गत पंजीकरण कराने वाले लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए।

मुख्यमंत्री ने भगवान नागराजा की पवित्र भूमि को नमन करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन लोक संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सांस्कृतिक पुनर्जागरण का नया दौर शुरू हुआ है। अयोध्या में श्रीराम मंदिर, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, महाकाल कॉरिडोर तथा बद्रीनाथ–केदारनाथ धाम के भव्य विकास से भारत की सांस्कृतिक पहचान सशक्त हुई है। उत्तराखंड में भी हरिद्वार–ऋषिकेश कॉरिडोर सहित अनेक परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को “खेलभूमि” के रूप में विकसित कर रही है। खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण देने के लिए स्पोर्ट्स अकादमियों की स्थापना की जा रही है। उन्होंने बताया कि टिहरी झील को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने के उद्देश्य से ट्रैकिंग, पैराग्लाइडिंग सहित विभिन्न साहसिक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। झील के चारों ओर प्रस्तावित रिंग रोड से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार रिवर्स पलायन को प्रोत्साहित करने, स्वरोजगार, होम-स्टे, स्वयं सहायता समूहों, लखपति दीदी योजना एवं आयुष वेलनेस सेक्टर को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। नीति आयोग द्वारा जारी सतत विकास लक्ष्यों (SDG) की सूची में उत्तराखंड के प्रथम स्थान पर रहने को राज्य के लिए गर्व की बात बताते हुए उन्होंने इसे बनाए रखने का संकल्प दोहराया।

उन्होंने कहा कि राज्य में समान नागरिक संहिता लागू कर ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है तथा भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत दोषियों को जेल भेजा जा रहा है। देवभूमि उत्तराखंड को सुरक्षित, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार पूरी निष्ठा से कार्य कर रही है। अब तक 10 हजार से अधिक सरकारी भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाए गए हैं और 6 हजार से अधिक अवैध निर्माण ध्वस्त किए गए हैं। दंगारोधी कानून के तहत दंगाइयों से क्षति की एक-एक पाई की वसूली की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने अंकिता भंडारी प्रकरण पर कहा कि राज्य सरकार उनके परिवार के साथ खड़ी थी और आगे भी खड़ी रहेगी। एसआईटी की गहन जांच के बाद दोषियों को आजीवन कारावास की सजा दिलाई गई। अंकिता के माता-पिता की सीबीआई जांच की मांग पर सरकार ने उनकी भावनाओं का सम्मान करते हुए हरसंभव सहयोग दिया।

इस अवसर पर विधायक प्रीतम सिंह पंवार एवं विधायक किशोर उपाध्याय ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में विकास योजनाएं धरातल पर उतर रही हैं। मुख्यमंत्री के कार्यकाल में यूसीसी, नकल विरोधी कानून जैसे ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं।

कार्यक्रम में थौलधार ब्लॉक प्रमुख सुरेंद्र भंडारी, पूर्व प्रमुख ज्योत सिंह बिष्ट, संजय नेगी, विनोद उनियाल, ब्लॉक भाजयुमो प्रदेश महामंत्री मुलायम सिंह रावत, पूर्व प्रमुख खेम सिंह चौहान सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments