टिहरी। भिलंगना ब्लॉक के लसियाल गांव में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। छोटे भाई के साथ मारपीट कर उसके दोनों हाथ कटवाने के आरोप में पुलिस ने आरोपी बड़े भाई और भाभी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक जांच यूनिट को भी भेजा गया है। दोनों आरोपियों को 25 दिसंबर को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
बालगंगा तहसील के लसियाल गांव निवासी पीड़ित अंग्रेज सिंह बिष्ट (25) ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 20 दिसंबर की रात उसका बड़ा भाई पूरब सिंह और भाभी अंजलि महाराष्ट्र से गांव पहुंचे थे। रात के समय दोनों उसके कमरे में आए और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। जब वह जान बचाकर भागने लगा तो दरवाजे पर खड़ी भाभी से चाकू लेकर भाई ने उस पर हमला कर दिया, जिससे उसके दोनों हाथ गंभीर रूप से घायल हो गए।
पीड़ित के अनुसार, किसी तरह जान बचाकर वह रात में ही गांव में रह रहे नेपालियों के घर पहुंचा। सुबह मदद की आस में चाचा के घर गया, लेकिन वहां से भी कोई सहायता नहीं मिली। इसके बाद वह दिनभर घर में ही रहा। शाम को आरोपी भाई ही उसे बेलेश्वर अस्पताल ले गया। वहां डॉक्टरों ने एक हाथ बचने की संभावना जताई और प्राथमिक उपचार के बाद पिलखी रेफर किया, जहां से उसे हायर सेंटर भेज दिया गया।
अंग्रेज सिंह को बाद में ऋषिकेश के एक बड़े अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित का कहना है कि उसने डॉक्टरों से हाथ बचाने की अपील की थी, लेकिन होश में आने पर पता चला कि दोनों हाथ काट दिए गए हैं। पीड़ित ने बताया कि उसका परिवार में किसी से कोई पुराना विवाद नहीं है। थानाध्यक्ष अजय कुमार जाटव ने बताया कि पीड़ित की ओर से दी गई नामजद तहरीर के आधार पर आरोपी भाई पूरब सिंह और भाभी अंजलि को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

