नरेंद्र नगर (टिहरी): मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को टिहरी जनपद के नरेंद्र नगर पहुंचे, जहाँ उन्होंने 49वें सिद्धपीठ कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मेला केवल एक आयोजन भर नहीं है, बल्कि लोक संस्कृति, लोक आस्था और हमारी समृद्ध विरासत को संजोने का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को सशक्त करते हैं और विकास की दिशा में निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने मेले में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार जनहित और विकास को केंद्र में रखकर कार्य कर रही है। उन्होंने प्रदेश में लागू की गई यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC), नकल विरोधी कानून और लैंड जिहाद रोकथाम कानून जैसी ऐतिहासिक पहल का उल्लेख करते हुए कहा कि ये कदम न्याय, समानता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण हैं।
सीएम ने कहा कि राज्य सरकार की नीति का एक महत्वपूर्ण हिस्सा ‘एक जनपद–दो उत्पाद’ योजना है, जिसका उद्देश्य स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना है। उन्होंने सभी लोगों से स्वदेशी उत्पादों को अपनाने और मेलों में उनके प्रचार-प्रसार को प्रोत्साहित करने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले चार वर्षों में प्रदेश सरकार ने लगभग 26,000 युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया है। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को स्वरोजगार के अवसर प्रदान करने, पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय उत्पादों के विपणन को सशक्त करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को बनाए रखने और धार्मिक पर्यटन को प्रोत्साहित करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि कुंजापुरी जैसे धार्मिक स्थलों के विकास से पर्यटन, स्थानीय रोजगार और सांस्कृतिक गौरव—तीनों को नई ऊंचाई मिलेगी।
मेले में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि और पर्यटक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन लोक कलाकारों के मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुआ।

